पाकिस्तान के कराची में कुख्यात गैंगस्टर रहमान डकैत के बेटे जिब्रान को पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार किया है। ल्यारी अंडरवर्ल्ड से जुड़े जिब्रान को अवैध हथियार रखने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, वह आदतन अपराधी है और पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
सोमवार को कलाकोट थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत जिब्रान को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी जिब्रान अब्दुल रहमान उर्फ रहमान डकैत का बेटा है और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
कलाकोट पुलिस के अनुसार, जिब्रान के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल जब्त की गई है। कुछ रिपोर्टों में दो पिस्तौल और गोलियों की बरामदगी का दावा किया गया, लेकिन आधिकारिक बयान में एक ही हथियार की पुष्टि की गई है। पुलिस ने उसे “आदतन अपराधी” करार दिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 2023 और 2024 के बीच जिब्रान के खिलाफ कलाकोट थाने में दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। उस पर ड्रग तस्करी और फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि वह ल्यारी में एक आपराधिक गिरोह खड़ा करने की कोशिश कर रहा था और रिहाई के बाद भी अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा।
रहमान डकैत ल्यारी गैंग वॉर का बड़ा नाम था और उस पर 80 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। 2009 में कराची पुलिस ने उसे और उसके तीन साथियों को मुठभेड़ में मार गिराया था। 2024 में उसके एक अन्य बेटे को भी कथित पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया था।
Comments are closed.