दिल्ली ब्लास्ट: I20 कार ड्राइवर उमर की पहचान DNA मैच से हुई
दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार को हुए धमाके की जांच में अहम खुलासे सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार, ब्लास्ट को अंजाम देने वाला शख्स उमर नबी है। वह उस समय Hyundai i20 चला रहा था और उसके DNA सैंपल का परिवार से 100% मैच हुआ। धमाके के बाद कार से मिली हड्डियों, दांत और कपड़ों के टुकड़ों से भी यह पुष्टि हुई।
जांच में पता चला है कि उमर तुर्की के अंकारा में बैठे हैंडलर (कोडनेम: UKasa) के संपर्क में था और सेशन ऐप के जरिए लगातार निर्देश ले रहा था। मार्च 2022 में भारत से कुछ लोग अंकारा गए थे, जिनमें उमर और फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल के अन्य आरोपी शामिल थे। वहां उन्हें जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर से मिलवाया गया और ब्रेनवॉश किया गया।
उमर की निजी जिंदगी रहस्यमय थी। वह महीनों तक घर से दूर रहता, फोन बंद रखता और बार-बार गायब होता था। परिवार के अनुसार, वह पढ़ाकू और शांत स्वभाव का था, क्रिकेट खेलने का शौक रखता था और बच्चों के साथ खेलता था।
जांच में यह भी सामने आया कि धमाके से पहले उमर लाल किले की पार्किंग में करीब तीन घंटे तक मौजूद था। दोपहर 3:19 बजे पार्किंग में दाखिल होने के बाद वह 6:28 बजे निकला और इसके तुरंत बाद धमाका हुआ। इस दौरान उसने कार से बाहर कदम नहीं रखा।
सुरक्षा एजेंसियां फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल मामले में अल-फलाह यूनिवर्सिटी से कई दस्तावेज भी मांग रही हैं। इसमें डॉक्टर उमर, डॉक्टर मुजम्मिल और डॉक्टर शाहीन शाहिदा से जुड़े कागजात, यूनिवर्सिटी की जमीन और बिल्डिंग प्लान, NOC और अन्य सरकारी मंजूरी से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं। यूनिवर्सिटी का कैंपस 54 एकड़ में फैला है।
Comments are closed.