दिल्ली में मार्च की शुरुआत में ही 15 साल का रिकॉर्ड टूटा, पारा 33°C के पार

2

मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी दिल्ली की गर्मी, 15 साल का रिकॉर्ड टूटा

राजधानी दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। अभी तक सुबह-शाम हल्की ठंडक का एहसास कराने वाला मौसम अब तेजी से गर्म होने लगा है। पिछले दो दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है और गर्मी का असर साफ महसूस होने लगा है। घरों और दफ्तरों में पंखे चलने लगे हैं, जबकि कई जगहों पर लोग कारों में एसी भी चलाने लगे हैं। हालात ऐसे हैं कि मार्च के पहले ही सप्ताह में दिल्ली की गर्मी ने पिछले 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

गुरुवार को साफ आसमान और तेज धूप के बीच दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंकड़ों के अनुसार 2011 से 2025 के बीच 10 मार्च से पहले अधिकतम तापमान कभी 34 डिग्री सेल्सियस के पार नहीं गया था। केवल 2021 में 8 मार्च को तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया था।

वहीं गुरुवार को न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह न सिर्फ इस साल का, बल्कि 10 मार्च से पहले पिछले पांच वर्षों का भी सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान है। इससे पहले 2021 में 8 मार्च को न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हवा में नमी का स्तर गुरुवार को 81 से 28 प्रतिशत के बीच रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस साल गर्मी तेजी से बढ़ने की बड़ी वजह मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का अभाव है। फरवरी में लगभग बारिश नहीं हुई और मार्च भी अब तक सूखा ही चल रहा है। अगले एक सप्ताह तक भी किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ या बारिश की संभावना नहीं दिखाई दे रही है। साफ आसमान की वजह से सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 मार्च तक दिल्ली में मौसम लगभग ऐसा ही बना रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

दूसरी ओर, बढ़ती गर्मी के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार देखा गया है। गुरुवार को राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 142 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में है और इस साल का अब तक का सबसे कम स्तर भी है। फिलहाल इसमें ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

गर्मी के बीच मनाई गई होली

दिल्ली में बुधवार को होली का त्योहार भी तेज धूप और गर्मी के बीच मनाया गया। हालांकि उस दिन कोई रिकॉर्ड नहीं टूटा। अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Comments are closed.