दिल्ली-NCR की हवा फिर जहरीली, कई इलाकों में AQI 400 के ऊपर

2

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार (23 दिसंबर) की सुबह एक बार फिर जहरीली हवा के साथ हुई।

शहर के कई हिस्सों में घना कोहरा और स्मॉग की मोटी परत छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। खराब विजिबिलिटी के चलते दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है और बीते कई दिनों से रोजाना कई फ्लाइट्स रद्द या विलंबित की जा रही हैं। प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) ने एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-IV के तहत सभी सख्त उपाय लागू कर रखे हैं। इसके बावजूद राजधानी की हवा में सुधार के खास संकेत नहीं दिख रहे हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के AQI में मामूली गिरावट जरूर आई है, लेकिन हवा अब भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। राजधानी के कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मुताबिक, मंगलवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत AQI करीब 390 रहा। श्रीनिवासपुरी में AQI 438, मुंडका में 422 और नोएडा सेक्टर-1 में 403 दर्ज किया गया।

एनसीआर के अन्य शहरों में भी हालात चिंताजनक रहे। गुरुग्राम के सेक्टर-51 में AQI 386, जबकि गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में 374 AQI दर्ज किया गया, जो प्रदूषण के गंभीर स्तर को दर्शाता है।

मंगलवार सुबह सात बजे दिल्ली-एनसीआर के कुछ प्रमुख इलाकों का हाल

इलाका AQI
श्रीनिवासपुरी 438
मुंडका 422
सेक्टर-1 नोएडा 403
आनंद विहार 397
ओखला 396
सिरिफोर्ट 392
गुरुग्राम सेक्टर-51 386
आया नगर 382
आरके पुरम 376
वसुंधरा (गाजियाबाद) 374

Comments are closed.