स्मॉग की चादर में लिपटा दिल्ली-NCR, ठंड के बीच AQI ‘बहुत खराब’

5

दिल्ली-एनसीआर में नए साल पर भी दम घोंटती हवा, AQI ‘बहुत खराब’; ठंड और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

नए साल के पहले और दूसरे दिन भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण से कोई राहत नहीं मिली। राजधानी और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में बना रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, 24 घंटे का औसत AQI 380 दर्ज किया गया। कुल 26 मॉनिटरिंग स्टेशन बहुत खराब और 11 स्टेशन गंभीर श्रेणी में रहे। सबसे अधिक प्रदूषण आनंद विहार में दर्ज किया गया, जहां AQI 423 रहा।

प्रदूषण के साथ कड़ाके की ठंड ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था।

सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और दिनभर बादल बने रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए मध्यम से बहुत घने कोहरे का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोहरे के चलते दृश्यता काफी घट गई, जिससे सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए।

मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 5 जनवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बन सकती है और तापमान में और गिरावट के आसार हैं।

प्रदूषण से फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के प्रदूषण में परिवहन की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत, उद्योग और निर्माण की 1.3 प्रतिशत, सड़क धूल की 0.7 प्रतिशत और आवासीय स्रोतों की 2.9 प्रतिशत रही। वहीं, बाहरी स्रोतों में बुलंदशहर (9.8 प्रतिशत), गौतम बुद्ध नगर (6.6 प्रतिशत) और फरीदाबाद (4.1 प्रतिशत) का योगदान रहा।

शुक्रवार सुबह भी दिल्ली-एनसीआर एक बार फिर प्रदूषण की मोटी चादर में लिपटा रहा। कई प्रमुख इलाकों में AQI बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। द्वारका में AQI 307, वसुंधरा में 275, मुंडका में 222, श्रीनिवासपुरी में 180, सिरी फोर्ट में 171, चांदनी चौक और जहांगीरपुरी में 170-170, आनंद विहार में 168, नोएडा सेक्टर-116 में 160 और गुरुग्राम के टेरी ग्राम में 156 AQI दर्ज हुआ।

दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख इलाकों में AQI (शुक्रवार सुबह)

इलाका AQI
द्वारका 307
वसुंधरा 275
मुंडका 222
श्रीनिवासपुरी 180
सिरी फोर्ट 171
चांदनी चौक 170
जहांगीरपुरी 170
आनंद विहार 168
नोएडा, सेक्टर-116 160
टेरी ग्राम, गुरुग्राम 156

 

Comments are closed.