नए साल के जश्न पर ठंड और घने कोहरे ने देशभर में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग की 31 दिसंबर के लिए जारी चेतावनी पूरी तरह सही साबित हुई है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे धूप की एक किरण तक नजर नहीं आ रही। फिलहाल मौसम से राहत मिलने की संभावना कम है।
ठंड और कोहरा अभी करेगा परेशान
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार के अनुसार, उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में कोहरे का असर जारी रहेगा। IMD का कहना है कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में 1 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-NCR में 1 जनवरी को हल्की से बहुत हल्की बारिश के साथ कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने नए साल के जश्न के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और खुले में अधिक देर तक न रहने की हिदायत दी गई है।
कोहरे को लेकर अलर्ट जारी
31 दिसंबर को उत्तर-पश्चिम भारत के साथ-साथ मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है। दिल्ली-NCR में देर रात और सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।
कश्मीर से झारखंड तक सर्दी का असर
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है और अगले 24 घंटे में और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं झारखंड के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
1 जनवरी 2026 का ताजा पूर्वानुमान
IMD के मुताबिक, 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। बिहार और पूर्वी यूपी में कड़ाके की ठंड बनी रहेगी।
Comments are closed.