भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा और किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 8 अक्टूबर को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, जबकि इसके बाद के दिनों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल राहत भरा मौसम
IMD के अनुसार, 8 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस दिन हल्की उमस का एहसास रहेगा, क्योंकि नमी का स्तर 98 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। हालांकि, बारिश या तेज हवाओं की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
9 से 13 अक्टूबर तक साफ आसमान और हल्की गर्मी
9 अक्टूबर से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा। आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी। तापमान में हल्की वृद्धि के साथ अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि 13 अक्टूबर तक किसी भी प्रकार की चेतावनी नहीं है, यानी इस दौरान ना बारिश होगी, ना तेज हवाएं चलेंगी।
दिल्ली की सड़कों पर अब भी बारिश का असर
हालांकि, पिछले दिनों हुई हल्की बारिश के कारण एनसीआर के कई हिस्सों में सड़कों की हालत खराब है। नोएडा और गुरुग्राम में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
देशभर के अन्य हिस्सों में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने बताया है कि गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर थम गया है और अगले पांच दिनों तक राज्य में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है।
उत्तराखंड में सीजन की पहली बर्फबारी
मॉनसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है। केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर बढ़ गया है।
Comments are closed.