डबल अटैक से बेहाल दिल्ली, चांदनी चौक–वजीरपुर में हवा जहरीली, 18 इलाकों में AQI 400 पार

2

दिल्ली में शनिवार की शुरुआत घनी धुंध और स्मॉग के साथ हुई, जिससे राजधानी की हवा और ज़्यादा जहरीली हो गई।

लगातार गिरती एयर क्वालिटी के बीच शनिवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 387 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी से बस एक कदम दूर है। कोहरे और प्रदूषण के इस दोहरे असर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

सप्ताह की शुरुआत में हवा की गुणवत्ता में हल्का सुधार देखने को मिला था, लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं टिक सकी। लगातार नौ दिनों तक ‘बहुत खराब’ हवा झेलने के बाद मंगलवार को औसत AQI 282 दर्ज हुआ था, जिससे स्थिति ‘खराब’ श्रेणी में आई। बुधवार को AQI और घटकर 259 हो गया, लेकिन गुरुवार को फिर बढ़कर 307 दर्ज किया गया। शुक्रवार को हालात तेजी से बिगड़े और AQI 349 तक पहुंच गया। शनिवार को प्रदूषण का स्तर और बढ़ते हुए 387 हो गया, जिससे राजधानी फिर से ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब पहुंच गई है।

फॉग या स्मॉग—लोगों में भ्रम
शनिवार सुबह हल्की धुंध के साथ कई इलाकों में घना स्मॉग छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। सड़कों पर चलने वाले लोगों के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से पीड़ित मरीजों के लिए जोखिम बढ़ गया है।

IGI एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी अलर्ट
मौसम की मार का असर उड़ानों पर भी पड़ा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी अलर्ट जारी किया गया है, जहां दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई।

NCR में भी हालात खराब
प्रदूषण की गंभीर स्थिति पूरे एनसीआर में बनी हुई है। गाजियाबाद और नोएडा में AQI 422 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में है। वहीं गुरुग्राम का AQI 295 और फरीदाबाद का 208 रहा, दोनों शहर ‘खराब’ श्रेणी में हैं।

जहरीली हवा से सेहत पर खतरा
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जहरीली हवा के कारण सांस से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। अस्थमा के दौरे बढ़ने के साथ-साथ हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा भी ज्यादा हो गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक ऐसे प्रदूषण के संपर्क में रहने से बच्चों के फेफड़ों पर गंभीर असर पड़ सकता है, साथ ही डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की स्थिति भी बिगड़ सकती है।

दिसंबर में ठंड कमजोर
दिल्ली में इस बार दिसंबर में सर्दी भी ज्यादा असर नहीं दिखा रही है। शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

18 इलाकों में 400 पार AQI

इलाका AQI
वजीरपुर 443
जहांगीरपुरी 439
विवेक विहार 437
रोहिणी और आनंद विहार 434
अशोक विहार 431
सोनिया विहार, DTU 427
नरेला 425
बवाना 424
नेहरू नगर 421
पटपड़गंज 419
ITO 417
पंजाबी बाग 416
मुंडका 415
बुराड़ी 413
चांदनी चौक 412
DU नॉर्थ कैंपस 401

Comments are closed.