उत्तर भारत में मौसम का उलटफेर: दिल्ली-यूपी में अब भी मानसून का इंतजार, पहाड़ों पर भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत में मानसून की रफ्तार असमान बनी हुई है। जहां दिल्ली और उत्तर प्रदेश में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे राज्यों में तेज बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के चलते मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-यूपी: मानसून के संकेत, पर राहत नहीं
राजधानी दिल्ली में मानसून की दस्तक का इंतजार अब और लंबा होता दिख रहा है। मौसम विभाग बीते कई दिनों से संभावनाएं जता रहा है, लेकिन अब तक केवल बूंदाबांदी ही हो पाई है। बुधवार को बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि अधिकतम तापमान 34.9°C और हवा में नमी 88% से 73% तक रिकॉर्ड की गई। गुरुवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें गरज के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में शनिवार से पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना है। हालांकि, फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिली है। इस बीच, झांसी में वज्रपात से एक बच्ची की मौत हो गई है, जबकि अमरोहा में गंगा का जलस्तर बढ़ने से मिट्टी का बांध बह गया।
हिमाचल-उत्तराखंड: ऑरेंज अलर्ट, भारी वर्षा की चेतावनी
हिमाचल और उत्तराखंड में मानसून सक्रिय है। दोनों राज्यों के कई जिलों में भारी वर्षा हो रही है।
उत्तराखंड के अधिकतर जिलों के लिए गुरुवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों में अगले 24 घंटों में बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी है।
पंजाब: सभी जिलों में पहुंचा मानसून, कई क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका
पंजाब में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार को दस जिलों में मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। गुरुवार के लिए कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर: बारिश और गर्मी दोनों से लोग परेशान
जम्मू-कश्मीर में मौसम दोहरे रूप में सामने आ रहा है। कुछ स्थानों पर वर्षा और भूस्खलन हो रहा है तो कुछ इलाकों में गर्मी का प्रकोप जारी है।
- रामबन जिले में बुधवार को बारिश के बाद भूस्खलन हुआ, जिससे जम्मू-श्रीनगर हाईवे करीब तीन घंटे तक बंद रहा।
- तवी नदी में जलस्तर बढ़ने के चलते नौ लोग फंस गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित निकाला गया।
- श्रीनगर और जम्मू में अधिकतम तापमान क्रमशः 32.5°C और 32.6°C दर्ज किया गया।
Comments are closed.