साफ आसमान और दिनभर तेज धूप के बीच बुधवार को दिल्ली का तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया।
हालांकि, कहीं भी लू के हालात नहीं बने। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि बदलते मौसमी हालात के चलते अगले एक हफ्ते तक दिल्ली में लू के आसार नहीं हैं। बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पीतमपुरा में 28.3 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक था। हवा में नमी का स्तर 73 से 31 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि गुरुवार को दिनभर आसमान साफ रहेगा। 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 और 25 डिग्री रह सकता है। 22 अप्रैल तक मौसम और तापमान ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
बुधवार को खराब श्रेणी में रहा दिल्ली का एक्यूआइ
राजधानी में प्रदूषण एक बार फिर बढ़ने लगा है। बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई 200 से ऊपर यानी खराब श्रेणी में रहा। हालांकि हवा की गति बढ़ने से अगले दो दिन में इसमें फिर सुधार होने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई 220 रहा। एक दिन पहले यह 180 था। यानी 24 घंटे में इसमें 40 अंकों की बढ़ोतरी हुई।
वहीं, बुधवार को तीन इलाकों का एक्यूआई 300 से ऊपर यानी बेहद खराब श्रेणी में रहा। आयानगर का एक्यूआई 322, मथुरा रोड का 312 और वजीरपुर का एक्यूआई 302 दर्ज किया गया। अगले दो दिन हवा की गति तेज रहने की संभावना है। इससे प्रदूषण स्तर में भी सुधार होने की संभावना है।