दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को एक बार फिर घने कोहरे और शीत लहर ने जनजीवन को प्रभावित किया।
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़कों पर अंधेरे जैसे हालात बन गए और यातायात की रफ्तार सुस्त पड़ गई। मौसम विभाग ने 16 और 17 जनवरी के लिए घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक ठंड का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी कोल्ड वेव अलर्ट लागू किया गया है। कई इलाकों में पाले का असर देखा जा रहा है। नोएडा और गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में शीत लहर बनी रहेगी। 17 जनवरी के बाद ठंड में कुछ कमी आने के संकेत हैं। वहीं बिहार और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। पंजाब और हरियाणा में कोल्ड डे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अगले तीन दिनों के दौरान तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और रायलसीमा क्षेत्रों में उत्तर-पूर्वी मानसून के प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब और हरियाणा के अधिकतर इलाकों में सुबह घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और उत्तराखंड के कई हिस्सों में कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।
दिल्ली-एनसीआर में 16 जनवरी से सर्दी में मामूली राहत मिलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि सुबह और शाम के समय कोहरा बना रहेगा, जबकि दोपहर में धूप निकलने के आसार हैं।
सुबह के समय कोहरा अत्यधिक घना रहने के चलते मौसम विभाग ने लो विजिबिलिटी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया। मध्य दिल्ली, शाहदरा, पश्चिमी दिल्ली, अक्षरधाम, आईटीओ से लेकर पालम एयरपोर्ट तक घने कोहरे की चादर छाई रही, जिससे वाहनों की आवाजाही धीमी रही। विभाग ने चेतावनी दी है कि कोहरे के कारण मेट्रो, एयरपोर्ट, रेलवे ट्रैक और हाईवे पर यात्रा जोखिमभरी हो सकती है।
वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक
दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में बना हुआ है।
आनंद विहार – 354
आईटीओ – 383
आईजीआई एयरपोर्ट – 328
आया नगर – 310
मुंडका – 385
पंजाबी बाग – 388
ओखला – 384
नरेला – 349
Comments are closed.