उत्तर भारत में गुरुवार को घने कोहरे ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित किया। उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा तक कई इलाकों में कोहरा इतना घना रहा कि सड़कों पर 5 मीटर तक की दूरी भी साफ नजर नहीं आई। मौसम विभाग की पहले से जारी चेतावनी के मुताबिक, यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।
घने कोहरे के कारण सड़क यातायात पर असर पड़ा और वाहन धीमी गति से चलते दिखे। नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में कोहरे के साथ बर्फीली हवाएं भी चलीं, जिसे पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, गंगा के मैदानी इलाकों में घना से अत्यधिक घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तर प्रदेश के कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, उन्नाव, गोरखपुर समेत कई जिलों में दृश्यता बेहद कम रहने का अनुमान है। वाराणसी, हिंडन और लखनऊ एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन में बाधा आ सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में 12 से 15 दिसंबर के बीच कोहरे का व्यापक असर देखने को मिला था। हालांकि 16 और 17 दिसंबर को तेज हवाओं के चलते कोहरा कुछ हद तक छंट गया, लेकिन 17 दिसंबर की रात से हालात फिर बदल गए और गुरुवार को घना कोहरा छा गया। इसके बावजूद तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज नहीं की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में अगले पांच दिनों तक कोहरे का असर बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है। बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर, कुशीनगर, कानपुर, बहराइच, हरदोई, बलिया और अमेठी जैसे जिलों में दृश्यता 20 से 50 मीटर तक सिमट सकती है। उत्तराखंड के पंतनगर और खटीमा में भी कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही।
शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में 18 से 22 दिसंबर के दौरान शीत लहर की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड में भी इसी अवधि के दौरान घने कोहरे का असर बना रहेगा।
बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि 18 से 23 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 20 और 21 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब में भी इन्हीं दिनों हल्की बारिश के आसार हैं।
पंजाब से राजस्थान तक कोहरे का असर
पंजाब के सीमावर्ती जिलों, खासकर अमृतसर और गुरदासपुर में घना कोहरा देखने को मिला। राजस्थान के बीकानेर संभाग में भी कोहरे का असर रहा। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, नागौर में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री और सीकर के फतेहपुर में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले 2–3 दिन मौसम शुष्क बना रह सकता है, हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी राजस्थान में बादल छाने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
Comments are closed.