दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा, येलो अलर्ट जारी; कड़ाके की ठंड अभी दूर
दिल्ली और एनसीआर में इन दिनों घना कोहरा जनजीवन और हवाई यातायात के लिए परेशानी बन रहा है। सोमवार को इस सीजन का सबसे घना कोहरा देखा गया, जिससे सफदरजंग एयरपोर्ट पर रात साढ़े 12 बजे से दो बजे तक दृश्यता शून्य रही, जबकि IGI एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह साढ़े तीन बजे दृश्यता केवल 50 मीटर तक रह गई। सुबह आठ बजे के बाद ही स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकांश इलाकों में मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है, कुछ जगहों पर घना कोहरा भी बन सकता है। कोहरा प्रदूषण के साथ मिलकर स्मॉग का रूप ले सकता है। दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है। हवाओं की गति 15–25 किमी/घंटा रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दिसंबर का आधा महीना बीत चुका है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में अभी तक कड़ाके की ठंड नहीं आई है। मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी डा. नरेश कुमार के अनुसार, सर्दी में वृद्धि पश्चिमी विक्षोभों पर निर्भर करती है। इस सीजन में अभी तक कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया है, इसलिए शीत लहर नहीं आई है। अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान 2–4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
Comments are closed.