ढाका विमान हादसा: भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, बर्न विशेषज्ञों की मेडिकल टीम रवाना
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को हुए दर्दनाक विमान हादसे में घायलों की मदद के लिए भारत ने मानवीय सहायता का हाथ बढ़ाया है। भारत ने गंभीर रूप से झुलसे पीड़ितों के इलाज के लिए बर्न स्पेशलिस्ट डॉक्टरों और आवश्यक मेडिकल उपकरणों से लैस एक मेडिकल टीम ढाका भेजने का फैसला किया है।
बर्न स्पेशलिस्ट टीम जल्द रवाना होगी
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि भारत सरकार हादसे में झुलसे पीड़ितों के उपचार के लिए शीघ्र ही एक विशेषज्ञ चिकित्सा दल को ढाका भेज रही है। टीम में दिल्ली के दो वरिष्ठ डॉक्टर शामिल हैं—एक राम मनोहर लोहिया अस्पताल से और दूसरा सफदरजंग अस्पताल से—जो बर्न यूनिट में विशेषज्ञता रखते हैं। इनके साथ अनुभवी नर्सिंग स्टाफ और अत्याधुनिक उपकरण भी भेजे जा रहे हैं।
भारत ने जताया शोक, दिए हर संभव सहायता के संकेत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया और बांग्लादेश को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह सहायता केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि आवश्यकतानुसार अन्य संसाधन भी मुहैया कराए जाएंगे।
भारतीय उच्चायोग भी सक्रिय
ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने बांग्लादेश सरकार को पत्र लिखकर घायलों की हालत और संभावित जरूरतों की जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है। उच्चायोग ने यह भी कहा है कि भारत घायलों को जरूरी चिकित्सा सेवाएं देने के लिए हर स्तर पर तैयार है।
दुर्घटना में 31 लोगों की मौत, जांच शुरू
सोमवार को उत्तरा स्थित माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में 25 स्कूली बच्चों सहित कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 170 से अधिक लोग घायल हुए। बांग्लादेश वायुसेना ने घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी है।
Comments are closed.