उमर से लिंक वाला डॉक्टर पठानकोट में गिरफ्तार; अल फलाह कनेक्शन से बढ़ी जांच

4

दिल्ली धमाका केस: पंजाब लिंक सामने आया, पठानकोट से डॉक्टर रईस अहमद भट्ट हिरासत में

दिल्ली धमाके की जांच में पंजाब का कनेक्शन सामने आया है। सुरक्षा एजेंसियों ने शुक्रवार रात पठानकोट के व्हाइट मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल से सर्जन डॉ. रईस अहमद भट्ट को हिरासत में लिया। वह जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के रहने वाले हैं और मुख्य आरोपित डॉ. उमर के संपर्क में थे।

इधर, यूपी एटीएस ने शामली, देवबंद और सहारनपुर से डॉ. आदिल के करीबी पांच संदिग्धों को भी उठाया है।

अल फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ाव
रईस पहले फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी में काम कर चुके हैं। वे पत्नी जोशिला हुसैन और सात वर्षीय बेटे के साथ कॉलेज कैंपस में रहते थे। परिवार को सुरक्षा में लिया गया है। कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने हिरासत पर चुप्पी साध रखी है।
जांच एजेंसियां कॉलेज के पुराने कर्मचारियों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं।

दालखोला से डॉक्टर जानिसार से पूछताछ
एनआईए और बंगाल पुलिस ने उत्तर दिनाजपुर के दालखोला से डॉक्टर जानिसार आलम को उठाया था। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया, लेकिन उसका फोन और लैपटॉप जब्त है। उसने बताया कि वह अल फलाह यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस कर चुका है और गिरफ्तार प्रोफेसरों से शैक्षणिक कारणों से संपर्क में था।

सिरोही मस्जिद के इमाम से पूछताछ
फरीदाबाद की सिरोही मस्जिद के इमाम को भी डॉ. मुजम्मिल से संपर्क की जानकारी पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि मुजम्मिल वहां और किन लोगों के संपर्क में था।

खाद-बीज दुकानदारों से भी पूछताछ
रसायन बरामदगी मामले में सोहना से दो दुकानदारों को उठाकर कई घंटे पूछताछ की गई। ऑनलाइन भुगतान जम्मू-कश्मीर से होने का इनपुट मिला है। दुकानों को सील कर दिया गया, जबकि लैपटॉप और मोबाइल खंगाले गए।

नेपाल सीमा पर दो विदेशी डॉक्टर गिरफ्तार
उधर, बहराइच में नेपाल सीमा पर पाकिस्तानी मूल के यूके निवासी डॉक्टर हस्सन अम्मान सलीम और कर्नाटक मूल की यूके निवासी महिला डॉक्टर सुमित्रा शकील को अवैध प्रवेश की कोशिश में गिरफ्तार किया गया। दोनों से लंबी पूछताछ के बाद विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

Comments are closed.