वेनेजुएला: राष्ट्रपति भवन के पास ड्रोन अलर्ट, सुरक्षाबलों ने की फायरिंग

0

वेनेजुएला की राजधानी काराकास में सोमवार देर रात राष्ट्रपति भवन मिराफ्लोरेस पैलेस के पास गोलीबारी की गई।

यह घटना उस वक्त सामने आई, जब पैलेस के ऊपर अज्ञात ड्रोन देखे गए, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने हवा में फायरिंग की। सरकारी सूत्रों के अनुसार, हालात अब पूरी तरह नियंत्रण में हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सूत्रों ने बताया कि यह घटना स्थानीय समयानुसार रात करीब 8 बजे हुई। ड्रोन दिखाई देने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया और एहतियातन कार्रवाई करते हुए पैलेस परिसर के आसपास सुरक्षा और कड़ी कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलीबारी की आवाजें तेज थीं, लेकिन यह घटना बहुत कम समय तक चली। मिराफ्लोरेस पैलेस से करीब पांच ब्लॉक दूर रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि पहले उन्हें किसी बड़े हमले की आशंका हुई, लेकिन यह फायरिंग करीब एक मिनट में ही थम गई। उन्होंने कहा कि आसमान में कोई विमान नहीं दिखा, सिर्फ दो लाल रोशनियां नजर आईं, जिन्हें ड्रोन माना जा रहा है।

गोलीबारी के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग खिड़कियों से बाहर झांकते दिखे, जबकि सुरक्षा बलों की कई गाड़ियां तेजी से पैलेस की ओर पहुंचीं। पूरे इलाके को कुछ समय के लिए घेर लिया गया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में आसमान की ओर ट्रेसर गोलियां चलती हुई दिखाई दे रही हैं, जो रात के अंधेरे में लाल लकीरों के रूप में नजर आती हैं। कुछ फुटेज में सुरक्षाबलों को हथियारों के साथ पैलेस की ओर दौड़ते हुए भी देखा गया है। हालांकि, इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।

यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब वेनेजुएला में राजनीतिक हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। हाल ही में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाए जाने के बाद उनकी करीबी सहयोगी डेल्सी रोड्रिगेज ने अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली है। इसके बाद से राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी की गई थी।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, ड्रोन की मौजूदगी को संभावित खतरा मानते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि ड्रोन कहां से आए थे और उनका उद्देश्य क्या था।

Comments are closed.