पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल तेजी से गरमा गया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से राजनीतिक कंसल्टेंसी फर्म आई-पैक (I-PAC) के कोलकाता कार्यालय और उसके डायरेक्टर व को-फाउंडर प्रतीक जैन के आवास पर की गई छापेमारी के खिलाफ शुक्रवार को विरोध रैली निकालने का ऐलान किया है। ममता बनर्जी ने इस कार्रवाई को चुनाव से पहले की गई राजनीतिक साजिश करार दिया है।
वहीं बीजेपी ने आरोप लगाया है कि यह देश के इतिहास में पहली बार है जब किसी मौजूदा मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर ईडी की चल रही जांच में हस्तक्षेप किया। इस पूरे मामले को लेकर ईडी ने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। राज्य में विधानसभा चुनाव अप्रैल-मई में प्रस्तावित हैं।
अदालत पहुंचीं ईडी और टीएमसी
ईडी ने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर दावा किया है कि आई-पैक के ऑफिस और प्रतीक जैन के घर पर छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दखल देकर जांच प्रक्रिया में बाधा पहुंचाई। एजेंसी का आरोप है कि तलाशी के समय सबूत हटाए गए। इस याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होने की संभावना है।
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने भी ईडी के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि एजेंसी ने पार्टी से जुड़े अहम चुनावी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। इस संबंध में टीएमसी ने भी कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसे न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष ने स्वीकार कर लिया है।
‘क्या विरोध करना गलत है?’
गुरुवार को गंगासागर मेले के लिए बाबूघाट में बने ट्रांजिट कैंप के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “अगर एसआईआर (मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर हम पर हमला किया जाता है, मेरे खिलाफ झूठे केस बनाए जाते हैं या हमारे दस्तावेज चुराने की कोशिश होती है, तो क्या मुझे इसका विरोध नहीं करना चाहिए?”
जादवपुर से हाजरा तक पैदल मार्च
ममता बनर्जी ने घोषणा की कि वह शुक्रवार को जादवपुर 8बी बस स्टैंड से हाजरा चौराहे तक पैदल विरोध रैली का नेतृत्व करेंगी। यह रैली पांच किलोमीटर से अधिक लंबी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी ने छापेमारी के दौरान पार्टी का डेटा, एसआईआर से जुड़ी जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए।
कहां हुई ईडी की कार्रवाई
ईडी ने कोयला चोरी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत गुरुवार को कोलकाता में आई-पैक के सॉल्ट लेक सेक्टर-5 स्थित ऑफिस और प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट स्थित आवास पर तलाशी अभियान चलाया। आई-पैक वर्ष 2019 से तृणमूल कांग्रेस के लिए राजनीतिक कंसल्टेंसी का काम कर रही है।
छापेमारी के दौरान प्रतीक जैन के घर पहुंचीं ममता
ईडी की कार्रवाई के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रतीक जैन के घर पहुंचीं। बाहर निकलते समय उन्हें दस्तावेज और एक लैपटॉप ले जाते हुए देखा गया। ममता बनर्जी का कहना है कि ये तृणमूल कांग्रेस के हैं और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े हुए हैं। इसके बाद वह सॉल्ट लेक स्थित आई-पैक ऑफिस भी गईं। आरोप है कि उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों को वहां से फाइलें और डायरी निकालते हुए देखा गया।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि ईडी ने छापेमारी की आड़ में पार्टी की चुनावी रणनीति, उम्मीदवारों की सूची, आंतरिक डेटा और वित्तीय कागजात जब्त कर लिए हैं।
Comments are closed.