भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रनों से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
हालांकि, भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद ट्रॉफी समारोह ने मुकाबले से ज्यादा सुर्खियां बटोर लीं। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से भारतीय टीम ने ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।
मोहसिन नकवी एसीसी अध्यक्ष की हैसियत से फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे। उन्होंने श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू को रनर्स-अप का चेक सौंपा। इसके बाद विजेता टीम को ट्रॉफी देने के लिए नकवी पोडियम पर मौजूद रहे, लेकिन भारतीय महिला टीम लंबे समय तक ट्रॉफी लेने के लिए वहां नहीं पहुंची।
नकवी पोडियम पर इंतजार करते रहे
ट्रॉफी सेरेमनी के दौरान बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भारतीय टीम के साथ नजर आए। दूसरी ओर, मोहसिन नकवी पोडियम पर ट्रॉफी लेकर खड़े रहे। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने उनके हाथों से ट्रॉफी और मेडल स्वीकार नहीं किए। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर भारत और नकवी के बीच ट्रॉफी विवाद को चर्चा में ला दिया।
दरअसल, 2025 पुरुष एशिया कप के फाइनल में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला था। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नकवी ट्रॉफी अपने साथ ले गए थे। उस ट्रॉफी को लेकर भी विवाद लंबे समय तक सुर्खियों में रहा।
शेफाली-मंधाना ने भारत को दिलाई मजबूत शुरुआत
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। शेफाली वर्मा ने 69 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि स्मृति मंधाना ने 59 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने श्रीलंका के सामने 184 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई और 111 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट अपने नाम किए।
भारत ने 72 रनों की बड़ी जीत के साथ महिला एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया। यह भारत का टूर्नामेंट के इतिहास में आठवां एशिया कप खिताब है।
Comments are closed.