उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर: कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी ढेर, दिल्ली के समीर हत्याकांड में चल रहा था फरार
बुलंदशहर में STF और दिल्ली पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन, एनकाउंटर में गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मारा गया; 25 से ज्यादा केस थे दर्ज
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मुठभेड़ में मार गिराया। नसीम पर हत्या समेत कई संगीन अपराधों के आरोप थे। वह दिल्ली के चर्चित समीर हत्याकांड में भी वांछित था और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, बुलंदशहर में कार्रवाई के दौरान नसीम और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग की गई। गोली लगने से नसीम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
छोटा शकील के संपर्क में रहने का आरोप
नसीम दुर्रानी के कथित अंडरवर्ल्ड कनेक्शन भी जांच एजेंसियों के रडार पर थे। बताया जाता है कि वह डी-कंपनी से जुड़ा था और अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के लगातार संपर्क में रहता था। उस पर छोटा शकील के इशारे पर गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या की सुपारी लेने का भी आरोप लगाया गया था।
समीर हत्याकांड में थी तलाश
नसीम दुर्रानी का नाम दिल्ली में कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर हुए समीर हत्याकांड में भी सामने आया था। आरोप है कि इस वारदात में समीर पर 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई गई थीं, जिससे उसकी हत्या हो गई। इस मामले के बाद से नसीम फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, नसीम के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट सहित 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। इसके अलावा पाकिस्तानी मूल के तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
Comments are closed.