UN में एर्दोगन का कश्मीर पर बयान: पाकिस्तान के समर्थन में फिर दिखा तुर्की का रुख

3

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र में तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैय्यप एर्दोगन ने कश्मीर मुद्दे का जिक्र कर पाकिस्तान का समर्थन किया.

उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुआ सीजफायर स्वागत योग्य है और उम्मीद जताई कि कश्मीर का समाधान संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों और बातचीत के ज़रिए होना चाहिए. अपने संबोधन में एर्दोगन ने कहा, “दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता बेहद जरूरी है. हम पाकिस्तान और भारत के बीच अप्रैल में हुए संघर्ष विराम से खुश हैं. यह महत्वपूर्ण है कि दोनों देश आतंकवाद से निपटने के लिए मिलकर काम करें.”

भारत ने स्पष्ट किया है कि कश्मीर उसका आंतरिक मामला है और इस पर किसी तीसरे पक्ष की दखलअंदाजी स्वीकार्य नहीं है. भारत का रुख हमेशा रहा है कि चर्चा सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को लेकर होगी और वह भी केवल द्विपक्षीय स्तर पर.

एर्दोगन पहले भी संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई बार कश्मीर का मुद्दा उठाते रहे हैं और पाकिस्तान के पक्ष में बयान देते रहे हैं. तुर्की इस मामले में इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) की आड़ में भी पाकिस्तान की लाइन अपनाता रहा है.

गौरतलब है कि 7 मई को पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत PoK में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी. इस कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच चार दिन तक झड़पें हुईं, जिसमें पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा. आखिरकार 10 मई को समझौते के बाद सैन्य कार्रवाई रोक दी गई और सीजफायर लागू हुआ.

Comments are closed.