‘रूस पर उठी नजर भी मंजूर नहीं’ — अमेरिका-जापान को उत्तर कोरिया की सख्त चेतावनी

4

यूक्रेन युद्ध में रूस के साथ खुलकर उतरा उत्तर कोरिया, भेजे 10 हजार सैनिक; अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया को चेतावनी

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने रूस को यूक्रेन युद्ध में बिना शर्त समर्थन देने का एलान किया है। उन्होंने यह बात रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ वोनसान शहर में हुई बैठक के दौरान कही। किम ने कहा कि उनका देश रूस के हर कदम में साथ खड़ा है और यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए रूसी नेतृत्व के निर्णयों का पूरी तरह समर्थन करता है।

सूत्रों के अनुसार, उत्तर कोरिया अब तक रूस को 10 हजार सैनिकों के साथ-साथ बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद की आपूर्ति कर चुका है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी के मुताबिक, उत्तर कोरिया रूस को करीब 1.2 करोड़ तोप और टैंक के गोले भेज चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि लावरोव का यह दौरा सैन्य आपूर्ति और सहयोग को और मजबूत करने के लिए हुआ है।

किम और लावरोव की यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब दोनों देशों के बीच 2024 में हुए रक्षा समझौते को लेकर सहयोग बढ़ाने की दिशा में तेजी देखी जा रही है। इस समझौते के तहत, दोनों देशों ने किसी भी युद्ध की स्थिति में एक-दूसरे के साथ सैन्य सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई थी।

सुरक्षा अभ्यास पर भड़का उत्तर कोरिया, दी धमकी
रविवार को उत्तर कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया को चेतावनी दी। मंत्रालय ने कहा कि यदि इन देशों की ओर से किसी तरह का सुरक्षा खतरा उत्पन्न होता है, तो उत्तर कोरियाई सेना तत्काल जवाबी कार्रवाई करेगी।

यह प्रतिक्रिया अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया की हालिया त्रिपक्षीय वायुसेना अभ्यास के बाद आई है। इस सैन्य अभ्यास में अमेरिका का बी-52 बमवर्षक विमान भी शामिल रहा, जिसने शुक्रवार को दक्षिण कोरिया के पास उड़ान भरी। उत्तर कोरिया ने इस अभ्यास को उकसावे की कार्रवाई करार दिया है।

Comments are closed.