‘मिर्जापुर’ की खूनी जंग अब बड़े पर्दे पर, सामने आया पहला पोस्टर; इस दिन रिलीज होगा टीजर
‘मिर्जापुर’ की सत्ता की लड़ाई अब ओटीटी से निकलकर सिनेमाघरों तक पहुंचने वाली है। एक्सेल एंटरटेनमेंट अपनी सुपरहिट क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के साथ दर्शकों को एक बार फिर उस दुनिया में ले जाने की तैयारी कर रहा है, जहां गद्दी, बंदूक और बदले का खेल हर रिश्ते से बड़ा होता है।
फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ाने के लिए मेकर्स लगातार नए अपडेट साझा कर रहे हैं। हाल ही में ‘मिर्जापुर’ का रिकैप वीडियो जारी किया गया था और अब फिल्म का पहला पोस्टर भी सामने आ गया है। इसके साथ ही मेकर्स ने टीजर रिलीज की तारीख का भी ऐलान कर दिया है।
गद्दी की जंग फिर होगी और खतरनाक
जारी किए गए पोस्टर में मिर्जापुर की चर्चित ‘गद्दी’ को केंद्र में दिखाया गया है, जिसके चारों ओर हथियारों का जखीरा नजर आ रहा है। पोस्टर के साथ मेकर्स ने कैप्शन लिखा, “गद्दी है तो हम हैं”।
पोस्टर साफ संकेत देता है कि मिर्जापुर की सत्ता की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। गद्दी पर कब्जा जमाने की होड़ पहले से ज्यादा खूनी और खतरनाक होने वाली है। इस बार सिर्फ कालीन भैया और गुड्डू पंडित ही नहीं, बल्कि कई नए चेहरे भी इस सत्ता संघर्ष में अपनी दावेदारी पेश करते दिखाई देंगे।
कब आएगा ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीजर?
फिल्म के पोस्टर के साथ ही मेकर्स ने टीजर रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया है। 25 जून को ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का पहला टीजर रिलीज किया जाएगा। फैंस को उम्मीद है कि इसमें फिल्म की कहानी, नए किरदारों और बड़े पर्दे के लिए तैयार किए गए नए ट्विस्ट्स की झलक देखने को मिलेगी।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
फिल्म में एक बार फिर पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा अपने चर्चित किरदारों में नजर आएंगे। वहीं इस बार जितेंद्र कुमार, रवि किशन, सुशांत सिंह और मोहित मलिक जैसे कलाकार भी कहानी का हिस्सा होंगे, जिससे सत्ता की यह लड़ाई और भी दिलचस्प बनने वाली है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Comments are closed.