कोटा से जम्मू-कश्मीर के 5 युवक हिरासत में, सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ जारी

3

राजस्थान की शिक्षा नगरी कोटा में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बीते चार दिनों में जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के पांच युवकों को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई जैसलमेर में हाल ही में एक पाकिस्तानी जासूस के पकड़े जाने के बाद की गई है, जिसके बाद एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

जानकारी के मुताबिक, भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र में शनिवार (31 जनवरी) सुबह करीब आठ बजे होटल चेकिंग के दौरान तीन कश्मीरी युवकों को हिरासत में लिया गया। इससे पहले मकबरा थाना क्षेत्र से दो अन्य युवकों को डिटेन किया गया था। सभी पांचों युवक जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

भीमगंज मंडी थाना प्रभारी रामकिशन गोदारा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने दावा किया कि वे बारामूला में मदरसे के निर्माण के लिए कोटा की मुस्लिम बस्तियों से चंदा जुटाने आए थे। हालांकि, उनकी गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए पुलिस, आर्मी इंटेलिजेंस, सीआईडी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि युवकों के कोटा आने के वास्तविक उद्देश्य की पुष्टि की जा रही है। एहतियात के तौर पर शहर के होटलों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा के मद्देनजर कोई जोखिम नहीं लिया जा सकता और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब राजस्थान में हाल के दिनों में पाकिस्तान से जुड़े जासूसी मामलों के खुलासे हुए हैं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां राज्यभर में सतर्कता बढ़ाए हुए हैं।

Comments are closed.