बारिश से दिल्ली में उड़ानों की रफ्तार थमी, एयरलाइंस ने दी ट्रैवल गाइडलाइन

2

दिल्ली में बारिश और तेज़ हवाओं से हवाई यातायात प्रभावित, इंडिगो, स्पाइसजेट और एअर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

मंगलवार सुबह दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन के साथ-साथ हवाई यातायात को भी प्रभावित किया। मौसम की इस बिगड़ी चाल को देखते हुए प्रमुख एयरलाइनों — इंडिगो, स्पाइसजेट और एअर इंडिया — ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।

इंडिगो ने अपने एक्स पोस्ट में कहा,
“दिल्ली में भारी बारिश की भविष्यवाणी है, जिससे उड़ानों में देरी और एयरपोर्ट तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। कृपया अपनी फ्लाइट की स्थिति जांचें और अतिरिक्त समय लेकर रवाना हों।”

एयरलाइन ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि वह हर संभव प्रयास करेगी ताकि उनकी यात्रा सहज बनी रहे।

स्पाइसजेट ने दिल्ली और धर्मशाला के हवाई अड्डों पर खराब मौसम का हवाला देते हुए लिखा,
“दिल्ली (DEL) और धर्मशाला (DHM) से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। कृपया अपनी फ्लाइट स्टेटस वेबसाइट पर चेक करें।”

वहीं, एअर इंडिया ने भी ट्वीट कर कहा,
“दिल्ली में बारिश और तेज हवाएं उड़ानों पर असर डाल सकती हैं। एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले फ्लाइट स्टेटस की जांच करें और अतिरिक्त यात्रा समय रखें।”

देशभर में भारी बारिश का अलर्ट जारी

  • भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 4 अगस्त तक देश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है।
  • उत्तर-पश्चिम भारत: पूर्वी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में 29 जुलाई को अति भारी वर्षा संभव। उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में भी भारी बारिश की संभावना।
  • पूर्वी और मध्य भारत: बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी।
  • उत्तर-पूर्व भारत: असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान।
  • दक्षिण भारत: केरल और तटीय कर्नाटक में 29-30 जुलाई को भारी बारिश के साथ 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
  • IMD के अनुसार, देश के अधिकांश हिस्सों में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, खासतौर पर उत्तर और पूर्वी भारत में।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें और मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं।

Comments are closed.