टेक्सास में बाढ़ से भारी तबाही: 43 की मौत, समर कैंप की 23 बच्चियां लापता
शुक्रवार सुबह टेक्सास के केर काउंटी में एक तेज़ तूफान के बाद आई फ्लैश फ्लड ने भीषण तबाही मचाई। ग्वाडालूप नदी अचानक उफान पर आ गई और सिर्फ 45 मिनट में 26 फीट तक पानी बढ़ गया। इस त्रासदी में अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 9 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 27 लोग लापता हैं — जिनमें समर कैंप में शामिल 23 बच्चियां भी हैं।
750 बच्चों के कैंप में मची अफरा-तफरी
घटना के समय ग्वाडालूप नदी के किनारे एक समर कैंप में करीब 750 बच्चे मौजूद थे। तेज बारिश और पानी के तेज़ बहाव ने बच्चों और कर्मचारियों को घेर लिया। कई को सुरक्षित निकाला गया, लेकिन कई अब भी लापता हैं। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
बचाव अभियान जारी, पेड़ों से भी निकाले गए लोग
बचाव कार्य में हेलीकॉप्टर, बोट और ड्रोन तैनात किए गए हैं। अब तक 800 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। कुछ लोगों को पेड़ों से लटकते हुए भी बचाया गया। राहत कार्य लगातार दूसरे दिन भी जारी है।
राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिक्रिया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना को “भयानक” बताया है और संघीय मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि राहत व पुनर्वास कार्यों में केंद्र सरकार हरसंभव सहायता देगी।
फ्लैश फ्लड इमरजेंसी घोषित
नेशनल वेदर सर्विस ने केर काउंटी समेत दक्षिण-मध्य टेक्सास के कई इलाकों में फ्लैश फ्लड इमरजेंसी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले घंटों में और भी तेज बारिश और बाढ़ की संभावना बनी हुई है।
लापता परिजनों की तलाश में बेचैन लोग
लापता लोगों की तलाश के लिए सोशल मीडिया और स्थानीय प्रशासनिक पेजों पर अपील की जा रही है। लोग अपने प्रियजनों की तस्वीरें पोस्ट कर उन्हें ढूंढने की गुहार लगा रहे हैं।
Comments are closed.