दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में मौसम विभाग के अनुमान के उलट फिलहाल कोहरा नहीं दिख रहा है, लेकिन ठंड का असर आने वाले दिनों में और तेज होने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान भी गिरकर 19 से 20 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।
हालांकि मौसम विभाग ने मध्यम कोहरे की संभावना जताई थी, लेकिन अब तक सुबह के समय कोहरा नजर नहीं आया है। क्रिसमस के दिन 25 दिसंबर को मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, जबकि 26 दिसंबर के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 29 दिसंबर को घना कोहरा छा सकता है। उत्तराखंड में 28 दिसंबर को कोहरे की स्थिति गंभीर रहने की आशंका है। मध्य प्रदेश में 25 दिसंबर को घने कोहरे के आसार हैं। बिहार, जम्मू, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में 28 दिसंबर को अत्यधिक घना कोहरा पड़ने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल और झारखंड में 25 दिसंबर, छत्तीसगढ़ में 24 दिसंबर, पूर्वोत्तर भारत में 26 दिसंबर और बिहार में 26 से 28 दिसंबर के बीच बेहद घना कोहरा छाया रह सकता है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 दिसंबर को शीत दिवस की संभावना है, जबकि बिहार में 23 से 28 दिसंबर तक शीत लहर का असर बना रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के आगरा, बरेली, प्रयागराज, कानपुर, बहराइच, आजमगढ़, गोरखपुर, बलिया, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, गाजीपुर, सुल्तानपुर, बांदा, कुशीनगर और हिंडन एयरपोर्ट के आसपास गाजियाबाद में भी कोहरे की आशंका जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, पंजाब के अमृतसर और फरीदकोट, हरियाणा के हिसार और अंबाला में भी अगले दो दिनों तक कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 23 दिसंबर और 27 से 29 दिसंबर के बीच बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 और 29 दिसंबर को बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में प्रदूषण बरकरार
दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण की स्थिति में फिलहाल कोई खास सुधार नहीं हुआ है। दिल्ली के 40 निगरानी केंद्रों में से अधिकांश में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 350 से ऊपर दर्ज किया गया है।
दिल्ली: 355
नोएडा: 355
ग्रेटर नोएडा: 344
गुरुग्राम: 316
चांदनी चौक, आईटीओ और वजीरपुर जैसे इलाकों में हालात सबसे ज्यादा खराब बने हुए हैं। नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया है।
Comments are closed.