वैष्णो देवी यात्रा 11वें दिन भी ठप, भूस्खलन के बाद अब तक नहीं मिली मंजूरी।
जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले में माता वैष्णो देवी के पवित्र गुफा मंदिर की तीर्थयात्रा शुक्रवार को लगातार 11वें दिन भी स्थगित रही। 26 अगस्त को त्रिकुटा पहाड़ियों में अर्धकुंवारी के पास हुए भूस्खलन में 34 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल हो गए थे। इसके बाद से यात्रा रोक दी गई है।
मौसम सुधरने के बावजूद रोक जारी
पिछले दस दिनों की भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के बाद अब मौसम साफ़ है, लेकिन प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा दोबारा शुरू करने पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद ही यात्रा बहाल की जाएगी।
कोविड के बाद सबसे लंबा निलंबन
कोविड-19 प्रतिबंधों के बाद यह अब तक का सबसे लंबा निलंबन है। इस बीच, कटड़ा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मार्ग और ढांचों की मरम्मत का काम जारी है। प्रशासन का कहना है कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्थानीय सेवाएं भी प्रभावित
भूस्खलन के बाद शुरू की गई जम्मू–कटड़ा लोकल ट्रेन सेवाएं भी बंद हैं, जिससे स्थानीय लोगों और फंसे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Comments are closed.