पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा पर बेटे की हत्या का आरोप, बहू से संबंध के एंगल ने बढ़ाई सनसनी।
पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) मोहम्मद मुस्तफा और उनकी पत्नी, पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना के बेटे अकील अख्तर की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पंचकूला पुलिस ने मोहम्मद मुस्तफा, रजिया सुल्ताना, उनकी बेटी और पुत्रवधू समेत पांच पर हत्या और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
पड़ोसी की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
यह मामला अकील के पड़ोसी शमसुद्दीन की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत में चौंकाने वाले आरोप लगाए गए हैं — शमसुद्दीन ने दावा किया कि अकील की पत्नी और उनके पिता मोहम्मद मुस्तफा के बीच अवैध संबंध थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अकील की हत्या की साजिश में उसकी मां, पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना भी शामिल थीं।
वीडियो से खुला पूरा मामला
16 अक्टूबर की रात पंचकूला के मनसा देवी थाने में दर्ज केस का आधार अकील अख्तर का एक पुराना वीडियो बना। परिवार ने शुरू में अकील की मौत का कारण दवाइयों की ओवरडोज बताया था। लेकिन 27 अगस्त को बनाए गए अकील के एक वीडियो में उसने अपने परिवार के सदस्यों पर जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया था। वीडियो में अकील ने पिता और पत्नी के बीच कथित अवैध संबंधों का भी जिक्र किया था।
हत्या और साजिश की धाराओं में मामला
पुलिस ने शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मोहम्मद मुस्तफा, रजिया सुल्ताना, उनकी पुत्रवधू और बेटी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 61 (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज किया है।
वीडियो की सत्यता की जांच जारी
पंचकूला पुलिस ने बताया कि वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन आरोप बेहद गंभीर हैं और इससे पूर्व DGP और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
Comments are closed.