हरियाणा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है।
भारत के दो मोस्ट वांटेड अपराधी — वेंकटेश गर्ग और भानु राणा — को क्रमशः जॉर्जिया और अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। दोनों को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वेंकटेश गर्ग को जॉर्जिया से प्रत्यर्पित किया जाएगा, जबकि भानु राणा को अमेरिका से डिपोर्ट किया जाएगा।
वेंकटेश गर्ग: हत्या और फिरौती के कई मामलों में वांटेड
हरियाणा के नारायणगढ़ निवासी वेंकटेश गर्ग पर हत्या, लूट और फिरौती जैसे 10 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह गुरुग्राम में बसपा नेता की हत्या में भी शामिल रहा है। फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने के बाद उसने जॉर्जिया को अपना ठिकाना बना लिया था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, गर्ग सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को पैसों का लालच देकर अपने गैंग में भर्ती कर रहा था। हाल ही में दिल्ली में हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान उसका नाम सामने आया। वह विदेश से बैठकर कपिल सांगवान के साथ एक्सटॉर्शन रैकेट चला रहा था।
भानु राणा: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का अहम सदस्य
भानु राणा, हरियाणा के करनाल का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। वह गैंग के लिए हथियार सप्लाई नेटवर्क संभालता था। करनाल STF ने पहले उसके दो साथियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। भानु राणा जेल में बंद रहने के बावजूद मोबाइल और सोशल मीडिया के जरिए गैंग को निर्देश देता था। उसका नेटवर्क हरियाणा, पंजाब और दिल्ली तक फैला हुआ है।
विदेशों से चल रहे हैं भारतीय गैंगों के नेटवर्क
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वर्तमान में करीब दो दर्जन बड़े गैंगस्टर विदेशों में बैठकर भारत में अपने सिंडिकेट चला रहे हैं। इनमें गोल्डी बराड़, कपिल सांगवान, अनमोल बिश्नोई, हैरी बॉक्सर और हिमांशु भाऊ जैसे नाम शामिल हैं। ये अपराधी पुर्तगाल, कनाडा, अमेरिका, इंग्लैंड और UAE जैसे देशों में सक्रिय हैं और भारत में हत्या, रंगदारी और हथियार तस्करी जैसे अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।
Comments are closed.