गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की दिनदहाड़े हत्या, तीन हमलावरों की तलाश में पुलिस
पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला शहर में शुक्रवार को एक महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। जांच में पता चला है कि मृतका हरजीत कौर, गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां थीं। यह वारदात उस समय हुई जब वह अपनी कार में बैठी थीं। तीन बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए।
घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि हमलावर किस तरह गाड़ी के पास पहुंचते हैं और लगातार फायरिंग करते हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
जग्गू भगवानपुरिया, जो मूल रूप से भगवानपुर गांव का रहने वाला है, इस समय जेल में बंद है और हाल ही में उसे असम की जेल में शिफ्ट किया गया है। उस पर हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई संगीन आरोप दर्ज हैं। पंजाब में उसे ‘वसूली किंग’ के नाम से भी जाना जाता है।
जानकारी के मुताबिक, जग्गू और लॉरेंस बिश्नोई कभी साथ काम करते थे, लेकिन बाद में उनके रास्ते अलग हो गए। इसके बाद से दोनों के गैंगों के बीच टकराव की स्थिति बनी रही है। मूसेवाला हत्याकांड के बाद से यह दुश्मनी और खुलकर सामने आई, जब लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने आरोप लगाया था कि जग्गू ने पुलिस को दो हमलावरों की जानकारी दी थी।
पुलिस फिलहाल इस हत्याकांड को गैंग राइवलरी से जोड़कर देख रही है, लेकिन अन्य एंगल की भी जांच की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया पर फैल रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है।
Comments are closed.