महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार दोपहर एक केमिकल फैक्ट्री से ओलियम गैस लीक होने के बाद एहतियातन बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रशासन के अनुसार, 1,600 छात्रों सहित 2,000 से अधिक लोगों को इलाके से निकाला गया है।
यह घटना दोपहर करीब 2 बजे बोइसर MIDC इंडस्ट्रियल एरिया स्थित भगेरिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड में हुई। गैस रिसाव के बाद आसपास करीब पांच किलोमीटर के दायरे में घना सफेद धुआं फैल गया, जिससे पूरे बोइसर क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
जिला कलेक्टर डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की कमान संभाली। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद जिला आपदा प्रबंधन योजना सक्रिय कर दी गई और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया। प्रशासन हवा की दिशा को ध्यान में रखते हुए रिहायशी और औद्योगिक इलाकों को खाली करा रहा है।
एसपी यतीश देशमुख ने कहा कि फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियां गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए संयुक्त अभियान चला रही हैं। प्रभावित इलाके की नाकाबंदी कर दी गई है और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि वे घरों के अंदर रहें, आधिकारिक निर्देशों का पालन करें और धुएं की दिशा के विपरीत सुरक्षित स्थानों की ओर जाएं। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
Comments are closed.