कनाडा में भारतीय छात्र हत्याकांड: दोषी को उम्रकैद, 4 साल बाद परिवार को मिला न्याय
कनाडा में भारतीय छात्र कार्तिक वासुदेव की हत्या के मामले में अदालत ने दोषी रिचर्ड एडविन को आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई है। गाजियाबाद निवासी कार्तिक सेनेका कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।
टोरंटो की सुपीरियर कोर्ट ने इस मामले को फर्स्ट-डिग्री मर्डर मानते हुए बिना पैरोल की संभावना के उम्रकैद का फैसला दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एडविन ने अप्रैल 2022 में दो अलग-अलग दिनों में दो अजनबियों की गोली मारकर हत्या की थी, जिनमें कार्तिक भी शामिल था।
मानसिक बीमारी की दलील खारिज
सुनवाई के दौरान आरोपी ने कार्तिक को गोली मारने की बात कबूल की, लेकिन उसके वकीलों ने दलील दी कि वह मानसिक विकार से पीड़ित था और उसे आपराधिक रूप से जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।
अदालत ने माना कि घटना के समय वह सिज़ोफ्रेनिया से पीड़ित था, लेकिन उसे पूरी तरह जिम्मेदारी से मुक्त करने की मांग खारिज कर दी।
घटना कैसे हुई
जानकारी के अनुसार, कार्तिक शेरबोर्न स्टेशन से होते हुए ब्लूर स्ट्रीट ईस्ट की ओर जा रहा था, तभी आरोपी ने पीछे से उस पर कई गोलियां चला दीं।
परिवार ने जताई राहत
कार्तिक के पिता जितेश वासुदेव ने बताया कि वह अंतिम सुनवाई के लिए कनाडा में ही मौजूद थे। उन्होंने कहा कि चार साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद आखिरकार उन्हें न्याय मिला।
कार्तिक जनवरी 2022 में मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए कनाडा गया था, लेकिन कुछ ही महीनों बाद उसकी हत्या कर दी गई थी।
Comments are closed.