Global AI Summit: दिल्ली में जुटे दिग्गज, पीएम मोदी बोले- हमारी क्षमता से दुनिया होगी रूबरू

0

नई दिल्ली में आज से इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 की शुरुआत हो रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी, 2026 को शाम 5 बजे भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव और वैश्विक सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि यह भारत के लिए गर्व का अवसर है कि दुनिया भर से प्रतिनिधि इस समिट में हिस्सा लेने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय युवाओं की क्षमता और देश की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में तेज़ प्रगति का प्रमाण मिलता है। उनके मुताबिक, भारत न केवल तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, बल्कि वैश्विक विकास में भी अहम योगदान दे रहा है।

600+ स्टार्टअप और 13 देशों की भागीदारी

इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 इस समिट का प्रमुख आकर्षण होगा। इसमें 600 से अधिक हाई-पोटेंशियल स्टार्टअप अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगे। साथ ही 13 देशों के कंट्री पवेलियन भी लगाए जाएंगे, जो AI इकोसिस्टम में अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और सहयोग को दर्शाएंगे।

इस मंच पर ग्लोबल टेक कंपनियां, स्टार्टअप, शैक्षणिक संस्थान, शोध संगठन, केंद्र और राज्य सरकारों के प्रतिनिधि तथा अंतरराष्ट्रीय भागीदार एक साथ आएंगे। आयोजन का मकसद AI आधारित समाधान को बढ़ावा देना और भारत को उभरते टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित करना है।

पहले दिन रोड सेफ्टी पर खास जोर

समिट के पहले दिन का मुख्य विषय सड़क सुरक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका रहेगा। सत्रों में इस बात पर चर्चा होगी कि डेटा-ड्रिवन समाधान किस तरह सड़क हादसों को कम करने में मदद कर सकते हैं।

विशेषज्ञ क्रैश पैटर्न के विश्लेषण, जोखिम का पूर्वानुमान और समय रहते हस्तक्षेप (प्रोएक्टिव इंटरवेंशन) की रणनीतियों पर विचार साझा करेंगे। सुरक्षित मोबिलिटी, ड्राइवर ट्रेनिंग और हाइपरलोकल डेटा मॉडल विकसित करने में AI की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा होगी।

यह समिट भारत की AI क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ तकनीक के जरिए सामाजिक चुनौतियों का समाधान खोजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Comments are closed.