गुजरात के एक युवक का वीडियो रूस–यूक्रेन युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में युवक लोगों से अपील करता दिख रहा है कि वे किसी भी हाल में रूसी सेना में शामिल न हों। युवक ने आरोप लगाया है कि उसे कथित तौर पर झूठे ड्रग्स मामले में फंसाकर रूसी सेना में भर्ती होने के लिए मजबूर किया गया।
इस युवक की पहचान गुजरात के मोरबी निवासी साहिल मोहम्मद हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साहिल ने यह वीडियो यूक्रेनी सेना द्वारा पकड़े जाने के बाद बनाया। यूक्रेनी अधिकारियों की ओर से साझा किए गए वीडियो में साहिल भारत सरकार से सुरक्षित वापसी में मदद की गुहार लगाता नजर आता है।
साहिल के अनुसार वह पढ़ाई के लिए रूस गया था और वहां एक कूरियर कंपनी में पार्ट-टाइम काम कर रहा था। इसी दौरान रूसी पुलिस ने उसे कथित रूप से झूठे ड्रग्स मामले में फंसा दिया। साहिल का दावा है कि अधिकारियों ने मामला वापस लेने के बदले रूसी सेना में सेवा करने की शर्त रखी, जिसे उसने मजबूरी में स्वीकार किया।
एक अन्य वीडियो में साहिल ने बताया कि 15 दिनों के प्रशिक्षण के बाद उसे सीधे युद्ध मोर्चे पर भेज दिया गया। मोर्चे पर पहुंचते ही उसने यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। यूक्रेनी सेना ने ये वीडियो उसकी मां को भेजे और रूसी सेना में भर्ती से जुड़े कथित धोखे को लेकर लोगों को जागरूक करने का अनुरोध किया। साहिल की मां ने बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए दिल्ली की एक अदालत में याचिका दायर की है, जिसकी अगली सुनवाई फरवरी में होनी है।
साहिल ने कहा कि आर्थिक और वीज़ा संबंधी समस्याओं के चलते वह कुछ ऐसे लोगों के संपर्क में आया जो कथित तौर पर नशीले पदार्थों के धंधे से जुड़े थे। उसने दावा किया कि उसने कोई अपराध नहीं किया, लेकिन फिर भी उसे फंसाया गया। वीडियो में उसने भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील करते हुए युवाओं से रूस जाने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी।
इस मामले पर विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भारत रूसी सशस्त्र बलों में शामिल अपने नागरिकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रहा है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 5 दिसंबर को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह मुद्दा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के समक्ष उठाया है और भारतीय नागरिकों की शीघ्र रिहाई के लिए समन्वित प्रयास जारी हैं।
Comments are closed.