दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह भीषण कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।
राजधानी दिल्ली और नोएडा समेत ज्यादातर इलाकों में तड़के विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई जगह वाहन रेंगते नजर आए, जबकि दर्जनों ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ एयरपोर्ट पर जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर भारत को घने कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
कई इलाकों में दृश्यता शून्य
उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई।
-
दिल्ली: सफदरजंग एयरपोर्ट
-
उत्तर प्रदेश: बरेली, कानपुर, लखनऊ और कुशीनगर एयरपोर्ट
वहीं दिल्ली के पालम, पंजाब के अमृतसर और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी करीब 100 मीटर दर्ज की गई।
दिल्ली के लिए रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में बेहद कम दृश्यता को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। राजधानी के अन्य हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों से सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
रेल और उड़ान सेवाएं प्रभावित
घने कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी दिख रहा है। उत्तर भारत से गुजरने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देर से चल रही हैं। भीषण ठंड के बीच यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबे इंतजार का सामना करना पड़ रहा है।
हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है और कुछ जगहों पर उड़ानों के संचालन में देरी की आशंका जताई गई है।
अगले 4–5 दिन कोहरे की गिरफ्त में उत्तर भारत
IMD के मुताबिक, आने वाले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में घना से बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
-
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़: 22 जनवरी तक
-
उत्तर प्रदेश: 20 जनवरी तक घना, कुछ इलाकों में बेहद घना कोहरा
-
जम्मू डिवीजन और उत्तराखंड: अगले एक दिन तक
-
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम: 23 जनवरी तक
-
बिहार: 21 जनवरी तक
-
असम-मेघालय: सुबह और रात के समय कोहरा
Comments are closed.