उत्तर भारत में मौसम की मार: दिल्ली-हरियाणा में भारी बारिश की चेतावनी, हिमाचल में बाढ़-भूस्खलन, यूपी में वज्रपात से जनहानि
उत्तर भारत में मानसून का प्रकोप: हिमाचल में भूस्खलन-बाढ़ से हालात गंभीर, यूपी में वज्रपात से 10 मौतें; दिल्ली-NCR में आज भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर भारत के कई हिस्सों में मानसून ने तबाही मचाई है। जहां एक तरफ हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं उत्तर प्रदेश में वज्रपात ने 10 लोगों की जान ले ली। उधर, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में आज भारी बारिश की संभावना
हालांकि बीते कुछ दिनों में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश नहीं हुई, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। शुक्रवार को राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जरूर हुई, लेकिन राहत कम ही मिली। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिनभर बादल छाए रहने, गर्जना, बिजली गिरने और बारिश के आसार हैं।
हिमाचल: मंडी में अब भी 56 लोग लापता, राहत अभियान तेज
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने से आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। 56 लोग अब भी लापता हैं। राहत कार्य में अब सेना भी शामिल हो गई है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें दुर्गम इलाकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
9 किमी पैदल चलकर गांव तक पहुंची एनडीआरएफ टीम
एनडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के देजी गांव से 65 लोगों को सुरक्षित निकाला। भूस्खलन और रास्ता टूटने के कारण टीम को 9 किलोमीटर पैदल चलकर गांव तक पहुंचना पड़ा। पहले बीमार लोगों की जांच की गई और फिर सभी को राहत शिविरों तक पहुंचाया गया। प्रशासन के अनुसार पत्थर गिरने, लगातार बारिश और कटे हुए रास्तों के कारण अभियान काफी चुनौतीपूर्ण था।
उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा पर असर, यमुनोत्री हाईवे छठे दिन भी बंद
उत्तराखंड में लगातार बारिश से चारधाम यात्रा प्रभावित हो रही है। शुक्रवार को केदारनाथ पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से यात्रा छह घंटे रुकी रही। यमुनोत्री हाईवे छठे दिन भी नहीं खुल सका है। बेली ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है, जिसे पूरा करने में एक सप्ताह लग सकता है।
उत्तर प्रदेश में वज्रपात से 10 की मौत, कई घायल
यूपी में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने की कई घटनाएं हुईं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य झुलस गए। पूर्वांचल इलाके में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
Comments are closed.