देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश ने गर्मी से राहत दी है, लेकिन कई इलाकों में हालात गंभीर भी हो गए हैं।
मौसम विभाग ने देश के 16 राज्यों में तेज तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और त्रिपुरा में अगले 24 घंटों के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
उत्तर प्रदेश में खराब मौसम ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। बुधवार को आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण राज्य में अब तक 75 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। कई जिलों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और मकानों की छतें उड़ गईं। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कई जगह 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रफ्तार की हवाएं दर्ज की गईं।
स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य में बिजली व्यवस्था और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुए हैं, जबकि खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला है। दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और भारी बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
बिहार और झारखंड में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका के चलते एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों असम और मेघालय में भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
इस बीच छत्तीसगढ़ के अकलतरा क्षेत्र में तेज आंधी के चलते 400 केवी का ट्रांसमिशन टावर गिर गया। इससे जेएसडब्ल्यू-महानदी पावर कंपनी लिमिटेड के 1800 मेगावाट क्षमता वाले प्लांट की तीनों यूनिट बंद हो गईं और पूरे संयंत्र में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई। इसका असर उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु तक बिजली आपूर्ति पर पड़ा है।
Comments are closed.