दिल्ली-यूपी में आज भारी बारिश के आसार, उत्तराखंड-हिमाचल में बिगड़ते हालात पर IMD अलर्ट

3

उत्तर भारत में मानसून की मार: दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट, हिमाचल-उत्तराखंड में कहर जारी

उत्तर भारत में मानसून ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर में भले ही मंगलवार शाम हल्की बारिश हुई हो, लेकिन उमस और गर्मी से लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश से जुड़े हादसों ने हालात गंभीर बना दिए हैं। कई स्थानों पर बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है।

पहाड़ों में तबाही: चंबा और चमोली में बादल फटा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में मंगलवार को पंगाला नाले के पास बादल फट गया। इसके चलते गडफरी और थल्ली पंचायतों को जोड़ने वाला मार्ग बह गया, जिससे करीब 3,000 लोगों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है।

उधर उत्तराखंड के चमोली जिले के धुरमा गांव में भी बादल फटने से मोक्ष नदी में बाढ़ आ गई, जिससे 18 घर क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीण समय रहते सुरक्षित स्थानों पर भागकर अपनी जान बचा सके।

मंडी में 19 की मौत, 52 लापता
हिमाचल के मंडी जिले में बारिश जनित आपदाओं से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 52 लोग लापता हैं। करसोग उपमंडल के कुटी गांव से बहे व्यक्ति का शव सतलुज नदी से 100 किलोमीटर दूर बरामद हुआ। वहीं हमीरपुर में बही एक महिला का शव भी छह दिन बाद मिला है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, प्रदेश में अब तक कुल 54 लोगों की जान जा चुकी है।

14 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने हिमाचल के कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में 9 जुलाई से 14 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। सिरमौर के नाहन में सोमवार रात भारी बारिश के कारण एक सीवरेज नाले का पानी मुख्य मार्ग पर बह निकला, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा धंस गया।

उत्तराखंड में भूस्खलन से सीमा सड़क ठप
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में चीन सीमा को जोड़ने वाला तवाघाट-लिपुलेख राजमार्ग मंगलवार को भूस्खलन के चलते करीब पांच घंटे तक बाधित रहा। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

पंजाब में भी झमाझम बारिश
पंजाब के अमृतसर, फरीदकोट और फतेहगढ़ साहिब में मंगलवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। अमृतसर में 60.4 मिमी, फरीदकोट में 32.6 मिमी और फतेहगढ़ साहिब में 22 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Comments are closed.