पहाड़ों में भारी बारिश के आसार, बसंत पंचमी पर यूपी-दिल्ली में बरसात की बारी

0

उत्तर भारत में आज से मौसम का रुख बदलने जा रहा है। हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को बसंत पंचमी के दिन उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई इलाकों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

पहाड़ों से मैदान तक अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक, 22 और 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 23 जनवरी को पंजाब में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।

22 और 23 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में ओले गिरने, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसी तरह का मौसम पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में भी देखने को मिलेगा।

कोहरा और शीत लहर की चेतावनी

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 22 से 26 जनवरी के बीच सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में शीत लहर से भीषण शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि उत्तराखंड के कुछ इलाकों में पाले की आशंका जताई गई है।

दिल्ली को गर्मी से राहत

दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिससे गर्मी का अहसास बढ़ गया था। मौसम में बदलाव के साथ राजधानी को अब इस गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार:

  • 22 जनवरी: न्यूनतम तापमान 6–8 डिग्री, अधिकतम 24–26 डिग्री
  • 23 जनवरी: बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं
  • 24 जनवरी: दिल्ली-एनसीआर में बादल और हल्की बारिश के आसार
  • 25 जनवरी: आंशिक बादल, मौसम सामान्य
  • 26 जनवरी: बादल छाए रहेंगे, न्यूनतम 6–8 डिग्री और अधिकतम 20–22 डिग्री
  • 27 जनवरी: तापमान में फिर बढ़ोतरी के संकेत

23 जनवरी को बदलेगा मौसम का मिज़ाज

मौसम विभाग का कहना है कि 22 जनवरी की शाम से बादल छाने लगेंगे। 23 जनवरी को दो चरणों में बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। शाम को एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

24 जनवरी को भी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बादल छाए रहने के आसार हैं।

Comments are closed.