देशभर में मानसून तेज रफ्तार से सक्रिय है और दिल्ली-एनसीआर में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश हुई।
मंगलवार सुबह दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में झमाझम बारिश से सड़कों पर जलभराव और जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। आईटीओ, धौलाकुआं, आनंद विहार और राजघाट जैसे इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लगीं। काले बादलों के चलते सुबह के समय अंधेरा भी छाया रहा।
दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहेगा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। साथ ही, आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने आगाह किया है कि बारिश से यातायात बाधित हो सकता है, सड़कें फिसलन भरी होंगी और फसलों व कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है।
26 अगस्त का मौसम पूर्वानुमान
रेड अलर्ट: जम्मू, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कई जिलों में।
ऑरेंज अलर्ट: गुजरात, राजस्थान और हरियाणा में भारी बारिश की आशंका।
येलो अलर्ट: उत्तराखंड, बिहार, असम, मेघालय, मध्य प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा सहित कई राज्यों में।
27-28 अगस्त का मौसम पूर्वानुमान
27 अगस्त: हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट जारी रहेगा। जम्मू, गुजरात और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। अन्य कई राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
28 अगस्त: गुजरात, ओडिशा और पूर्वी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट, जबकि उत्तराखंड, तमिलनाडु, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों समेत कई इलाकों में येलो अलर्ट रहेगा।
29-31 अगस्त का मौसम पूर्वानुमान
29-31 अगस्त: देश के उत्तर, दक्षिण, पश्चिम और पूर्वी हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
30 अगस्त: उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट, अन्य इलाकों में येलो अलर्ट।
31 अगस्त: उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में येलो अलर्ट।
आईएमडी ने सभी प्रभावित राज्यों के लोगों को अलर्ट पर रहने और बाढ़, जलजमाव, ट्रैफिक जाम तथा फसलों को होने वाले नुकसान से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।
Comments are closed.