कर्नाटक में भारी बारिश का कहर, 16 जून तक रेड अलर्ट; कई जिले जलमग्न

3

कर्नाटक में मूसलधार बारिश से जनजीवन बेहाल, 16 जून तक दक्षिण कन्नड़ समेत कई जिलों में रेड अलर्ट

देशभर में मॉनसून सक्रिय हो चुका है और कर्नाटक में इसका असर सबसे अधिक तटीय इलाकों में देखने को मिल रहा है। बीते दिन दोपहर से हो रही लगातार मूसलधार बारिश ने दक्षिण कन्नड़ समेत कई जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इन इलाकों के लिए 16 जून तक रेड अलर्ट जारी किया है।

मेंगलुरु में जलभराव से ट्रैफिक जाम
मेंगलुरु के कई निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। कार स्ट्रीट, लोअर बेंदूर और कोट्टारा जैसे क्षेत्रों में सड़कें पानी से भर गई हैं। कई जगहों पर पानी घरों तक पहुंच गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव की वजह से कई वाहन बीच रास्ते में खराब हो गए। एक बस को यात्रियों ने मिलकर धक्का देकर किनारे किया।

बाढ़ जैसे हालात, जनजीवन प्रभावित
भारी बारिश के चलते पडित रेलवे अंडरपास समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। आवाजाही पर असर पड़ा है और स्कूल-कॉलेजों में उपस्थिति भी प्रभावित हुई है। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है, लेकिन रुक-रुक कर हो रही बारिश मुश्किलें बढ़ा रही है।

अभी नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। खासकर दक्षिण कन्नड़, उडुपी और उत्तरी कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Comments are closed.