रुद्रप्रयाग में केदारनाथ से लौटते वक्त हेलीकॉप्टर हादसा, 7 श्रद्धालुओं की मौत

2

रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा: केदारनाथ से लौटते समय क्रैश, 7 की मौके पर मौत

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हुआ। केदारनाथ से फाटा लौट रहा हेलीकॉप्टर गौरीकुंड के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक 23 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है।

हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर निजी सेवा प्रदाता कंपनी का था और यात्रियों को लेकर नियमित चारधाम सेवा में लगा हुआ था। हालांकि, क्रैश की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।

सात दिन पहले टला था एक और हादसा
गौर करने वाली बात यह है कि इसी महीने 7 जून को इसी रूट पर एक बड़ा हादसा टल गया था। बड़ासू हेलीपैड से केदारनाथ जा रहे एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में सिरसी के पास हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। उस वक्त पायलट समेत छह लोग बाल-बाल बचे थे, हालांकि पायलट को हल्की चोटें आई थीं।

सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
लगातार हो रही तकनीकी खराबियों और अब इस भयावह हादसे ने चारधाम यात्रा के दौरान चल रही हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर साल हजारों श्रद्धालु इन सेवाओं के ज़रिए केदारनाथ जाते हैं, लेकिन पर्याप्त निगरानी और तकनीकी जांच की कमी ऐसे हादसों को न्योता देती दिख रही है।

प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

Comments are closed.