बांग्लादेश में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़की व्यापक हिंसा के बीच एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शनिवार को लक्ष्मीपुर सदर उपजिला में एक राजनीतिक नेता के घर को कथित तौर पर बाहर से बंद कर आग लगा दी गई, जिसमें एक सात साल की मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
हादी की हत्या के बाद हालात बेकाबू
शरीफ उस्मान हादी को 12 दिसंबर को ढाका के बिजोयनगर इलाके में एक चुनावी अभियान के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने सिर में गोली मार दी थी। इलाज के लिए उन्हें सिंगापुर ले जाया गया, जहां गुरुवार को उनकी मौत हो गई। 32 वर्षीय हादी को शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच ढाका विश्वविद्यालय मस्जिद के पास राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की समाधि के समीप दफनाया गया।
हादी की मौत के बाद देश के कई हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाएं सामने आईं। गुरुवार को चटोग्राम में सहायक भारतीय उच्चायुक्त के आवास पर पत्थरबाजी की घटना भी हुई, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।
अंतरिम सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम
अंतिम संस्कार के तुरंत बाद हादी की पार्टी इंकलाब मंच ने अंतरिम सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया। पार्टी ने हादी की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। यह अल्टीमेटम शनिवार दोपहर ढाका के शाहबाग चौराहे पर हजारों समर्थकों की मौजूदगी में घोषित किया गया।
इंकलाब मंच के नेताओं ने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
राजनीतिक पहचान और भूमिका
शरीफ उस्मान हादी जुलाई 2024 के जनआंदोलन का प्रमुख चेहरा थे और इंकलाब मंच के प्रवक्ता के रूप में सक्रिय थे। वह भारत के मुखर आलोचक माने जाते थे। हादी ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह ढाका-8 संसदीय सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर आगामी आम चुनाव लड़ेंगे।
हादी के परिवार ने शाहबाग चौराहे पर उनके नाम पर एक स्मारक बनाने की मांग की है। यही स्थान उनके सत्ता-विरोधी आंदोलन की शुरुआत का केंद्र रहा है। अंतरिम यूनुस सरकार ने हादी की मौत पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है, जिसके मद्देनजर ढाका समेत कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
नई दिल्ली में हाई कमीशन की सुरक्षा बढ़ी
बांग्लादेश में बिगड़ते हालात को देखते हुए नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने उच्चायोग और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात से ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी और शुक्रवार को इलाके में बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की गई।
Comments are closed.