मुंबई में मूसलाधार बारिश से बढ़ी मुश्किलें, गोवंडी में मकान गिरा; कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।
शनिवार को शहर और उपनगरों में मूसलाधार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और मकान ढहने जैसी घटनाएं सामने आईं। मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी मुंबई, ठाणे, पालघर और आसपास के जिलों में भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
शनिवार को विक्रोली में सबसे अधिक 246.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, भांडुप पश्चिम स्थित एलबीएस मार्ग पर एक निर्माणाधीन स्थल के पास करीब 100 फीट लंबा भूस्खलन हो गया। इस दौरान एक ट्रक और कई पेड़ मलबे में दब गए। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश जारी रह सकती है। इसे देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। ठाणे, पालघर और आसपास के कई इलाकों के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
बारिश के बीच गोवंडी में एक ग्राउंड प्लस वन मकान ढह गया, जिसमें एक पुरुष और एक महिला घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा शहर में मकान और दीवार गिरने की कई अन्य घटनाएं भी दर्ज की गईं। मिनाताई फूल बाजार में एक बड़ा पेड़ गिरने से भी नुकसान हुआ।
तेज बारिश के कारण साकीनाका, कुर्ला, अशोक नगर, छेड़ा नगर, पवई, भांडुप, अंधेरी, विले पार्ले, सांताक्रूज और दहिसर समेत कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। जलभराव के चलते वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश का असर सार्वजनिक परिवहन पर भी पड़ा। नालासोपारा और वसई के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से पश्चिमी रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं 20 से 25 मिनट तक विलंबित रहीं, जबकि मध्य रेलवे की सेवाएं सामान्य रहीं। ओवरहेड लाइन में तकनीकी खराबी के कारण मुंबई मेट्रो लाइन-2ए की सेवाएं भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुईं। वहीं, जलभराव की वजह से बीईएसटी ने कई बस मार्गों में अस्थायी बदलाव किया है।
Comments are closed.