यमन के ईरान समर्थित हूती संगठन ने सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने वाली अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को कथित तौर पर आखिरी चेतावनी दी है।
संगठन ने दावा किया कि सऊदी एयरस्पेस अब उसके सैन्य अभियानों का हिस्सा बन गया है। इसी बीच हूतियों ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला करने का दावा भी किया।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि मिसाइल ने अपने लक्ष्य को निशाना बनाया और हमले से एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित हुआ। हालांकि, हूती संगठन के इस दावे की सऊदी अधिकारियों की ओर से तत्काल पुष्टि नहीं की गई है।
‘सऊदी एयरस्पेस में उड़ान भरने के नतीजे समझें’
याह्या सरी ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस से सऊदी एयरस्पेस में उड़ानें जारी रखने के जोखिमों को समझने को कहा। उन्होंने इसे हूती सैन्य अभियानों का क्षेत्र बताते हुए एयरलाइंस को चेतावनी दी।
हालांकि, उन्होंने मक्का और मदीना के पवित्र स्थलों के ऊपर के हवाई क्षेत्र को इस चेतावनी से अलग रखा। हूती संगठन ने पहले भी क्षेत्र में हवाई यातायात को लेकर धमकियां जारी की हैं।
रियाद एयरपोर्ट पर हमले के बाद अमेरिका की एडवाइजरी
हूतियों का ताजा बयान सऊदी अरब की ओर से रियाद एयरपोर्ट पर हुए एक हमले में एक व्यक्ति की मौत की जानकारी दिए जाने के कुछ घंटे बाद आया। इसके बाद सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की।
अमेरिकी मिशन ने कहा कि सऊदी हवाई अड्डों और एयरस्पेस को लेकर हूती संगठन की सार्वजनिक धमकियों को देखते हुए अमेरिकी नागरिक अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
उड़ानें रद्द और एयरस्पेस बंद होने की आशंका
अमेरिकी मिशन ने कहा कि क्षेत्र में सैन्य तनाव बढ़ने पर उड़ानें रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में बाधा आने की संभावना है। नागरिकों को अपनी यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन और एयरपोर्ट से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
फिलहाल रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले को लेकर हूतियों के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Comments are closed.