Explained: स्पेन में ट्रेन हादसा कैसे हुआ? 2 ट्रेनें, एक चूक और 21 मौतें

3

स्पेन में भीषण ट्रेन हादसा, 21 की मौत, दर्जनों घायल

यूरोपीय देश स्पेन में एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है। दक्षिणी स्पेन में रविवार शाम एक हाई-स्पीड ट्रेन पटरी से उतर गई और बगल के ट्रैक पर चली गई, जहां उसकी आमने-सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से टक्कर हो गई। इस भयावह दुर्घटना में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री घायल हुए हैं।

करीब 300 यात्रियों को लेकर मलागा से मैड्रिड जा रही ट्रेन का पिछला हिस्सा शाम करीब 7:45 बजे कोर्डोबा के पास पटरी से उतर गया। स्पेन के रेल ऑपरेटर आदिफ के अनुसार, पटरी से उतरी ट्रेन की टक्कर मैड्रिड से दक्षिणी शहर ह्यूएलवा जा रही दूसरी ट्रेन से हो गई, जिसमें लगभग 200 यात्री सवार थे।

स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने हादसे में 21 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बचाव दल ने सभी जीवित यात्रियों को बाहर निकाल लिया है, हालांकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

परिवहन मंत्री ने कहा कि फिलहाल दुर्घटना की सटीक वजह का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने इसे “वास्तव में अजीब” घटना बताया, क्योंकि हादसा ट्रैक के एक समतल हिस्से पर हुआ, जिसे मई महीने में ही दोबारा तैयार किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि जो ट्रेन पटरी से उतरी, वह चार साल से भी कम पुरानी थी।

इरीयो ने एक बयान जारी कर कहा कि “जो कुछ हुआ उस पर गहरा दुख है” और वह स्थिति को मैनेज करने के लिए अधिकारियों के साथ काम कर रही है.

हादसे में शामिल ट्रेनें दो अलग-अलग कंपनियों की थीं। पटरी से उतरी ट्रेन निजी कंपनी इरयो की थी, जबकि दूसरी ट्रेन स्पेन की सरकारी रेल कंपनी रेनफे की थी।

पुएंते के मुताबिक, पहली ट्रेन का पिछला हिस्सा पटरी से उतरकर दूसरी ट्रेन से टकरा गया, जिससे रेनफे ट्रेन की पहली दो बोगियां पटरी से उतर गईं और करीब चार मीटर गहरी ढलान पर जा गिरीं। सबसे ज्यादा नुकसान रेनफे ट्रेन के अगले हिस्से को हुआ है। दुर्घटना की जांच पूरी होने में करीब एक महीने का समय लग सकता है।

चश्मदीदों की जुबानी

स्पेन के सरकारी ब्रॉडकास्टर RTVE के पत्रकार साल्वाडोर जिमेनेज भी हादसे का शिकार हुई ट्रेनों में से एक में सवार थे। उन्होंने फोन पर बताया, “एक पल ऐसा आया जब ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो और ट्रेन पटरी से उतर गई हो।”

उन्होंने कहा कि यात्रियों ने आपातकालीन हथौड़ों से खिड़कियां तोड़ीं और कई लोग गंभीर चोटों से बचते हुए बाहर निकलने में सफल रहे।

ह्यूएलवा जा रही दूसरी ट्रेन में सवार एक यात्री ने सरकारी टीवी चैनल को बताया,
“एक जोरदार झटके के साथ ट्रेन अचानक रुक गई और चारों ओर अंधेरा छा गया। लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। मेरे पीछे खड़े अटेंडेंट के सिर में चोट लगी और खून बह रहा था। बच्चे रो रहे थे। मैं आखिरी बोगी में था, मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मुझे जिंदगी का दूसरा मौका मिला हो।”

लुकास मेरियाको पटरी से उतरी पहली ट्रेन में यात्रा कर रहे थे. एएफफी की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने ला सेक्स्टा टेलीविजन को बताया कि “यह एक डरावनी फिल्म की तरह लग रहा है”. उन्होंने कहा, “हमें पीछे से बहुत तेज झटका लगा और ऐसा लगा कि पूरी ट्रेन ढहने वाली है, टूटने वाली है… शीशे की वजह से कई लोग घायल हो गए.”

पहले भी झेल चुका है स्पेन बड़ा रेल हादसा

स्पेन के पास यूरोप का सबसे बड़ा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क है, जिसकी लंबाई 3,100 किलोमीटर से ज्यादा है। यहां ट्रेनें 250 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चलती हैं और यह नेटवर्क सुरक्षित व किफायती माना जाता है।

हालांकि, इस सदी की सबसे भीषण ट्रेन दुर्घटना 2013 में हुई थी, जब उत्तर-पश्चिमी स्पेन में एक ट्रेन के पटरी से उतर जाने से 80 लोगों की मौत हो गई थी।

Comments are closed.