पुतिन का आज भारत दौरा: पीएम मोदी से महत्वपूर्ण चर्चा, रक्षा सहयोग पर टिकी नजरें

8

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज अपने विशेष विमान से नई दिल्ली पहुंचेंगे। वह अपने बड़े कैबिनेट दल के साथ भारत आ रहे हैं। आगमन के बाद उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पीएम आवास पर बैठक होगी, जिसके बाद उनके सम्मान में रात्रिभोज भी रखा गया है। यह मुलाकात लंबी चल सकती है।

23वां भारत-रूस शिखर सम्मेलन आज
मोदी और पुतिन की अगुआई में शुक्रवार को 23वां वार्षिक शिखर सम्मेलन होगा। रूस से तेल खरीद को लेकर अमेरिका के बढ़ते दबाव के बीच पुतिन की यह यात्रा वैश्विक स्तर पर खास महत्व रखती है। दोनों देशों के अनुसार, इस बार आर्थिक और कारोबारी मुद्दे मुख्य फोकस रहेंगे। इसी कारण पुतिन के साथ उनकी कैबिनेट के सभी प्रमुख आर्थिक मंत्री आ रहे हैं।

पुतिन के साथ आ रहा रूस का बड़ा सरकारी दल

भारत आने वाले प्रमुख मंत्री:

आर्थिक विकास मंत्री मैक्सिम रेशेतनिकोव

व्यापार व उद्योग उप मंत्री एलेक्सी ग्रूजदेव

कृषि मंत्री ओक्साना लुट

डिजिटल संचार मंत्री सर्गेई कुशचेव

स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराशको

विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव

रक्षा मंत्री आंद्रे बेलुसोव

यह हाल के वर्षों में विदेश यात्रा पर जाने वाला रूस का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल माना जा रहा है।

75 कंपनियों के अधिकारी भी दिल्ली में
पुतिन के आगमन से एक दिन पहले रूस की 75 बड़ी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को पीएम मोदी और पुतिन की मौजूदगी में दोनों देशों की 75-75 कंपनियों के साथ संयुक्त बैठक होगी।

व्यापार संतुलन पर वार्ता
रूस चाहता है कि भारतीय आईटी, रिटेल और तकनीकी कंपनियां वहां निवेश बढ़ाएं। वहीं भारत का जोर इस बात पर है कि रूस भारत से आयात बढ़ाए, ताकि व्यापार घाटे को कम किया जा सके।

2024-25 में दोनों देशों का व्यापार 68 अरब डॉलर रहा, लेकिन इसमें भारत का निर्यात सिर्फ 5 अरब डॉलर था। रूस ने हाल ही में भारत से आलू, अनार और समुद्री मछलियों का आयात शुरू किया है, लेकिन इससे घाटा भरना संभव नहीं।

रक्षा सहयोग पर भी चर्चा
मोदी-पुतिन बैठक में रक्षा सहयोग पर भी बातचीत होगी। सूत्रों के अनुसार, किसी बड़े सौदे की तुरंत संभावना कम है। भारत के रक्षा आयात में रूस की हिस्सेदारी घटकर 36% रह गई है, लेकिन साझेदारी अब भी महत्वपूर्ण है।
शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पुतिन के सम्मान में डिनर भी आयोजित करेंगी।

Comments are closed.