ब्रिटेन जाने वाले भारतीयों के लिए जरूरी अपडेट: अब UK यात्रा के लिए e-Visa अनिवार्य, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया
ब्रिटेन ने अपनी वीजा प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। बुधवार से लागू नए नियमों के तहत भारत सहित सभी यात्रियों के लिए ई-वीजा और बिना वीजा वाले आगंतुकों के लिए इलेक्ट्रॉनिक यात्रा अनुमति (ईटीए) अनिवार्य हो गई है।
अब पारंपरिक पेपर वीजा स्टिकर की जगह यह डिजिटल प्रक्रिया लेगी। नई प्रणाली के तहत बायोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन केंद्र पर व्यक्तिगत रूप से जाना आवश्यक होगा, लेकिन आवेदन के दौरान पासपोर्ट छोड़ने की जरूरत नहीं होगी। ब्रिटेन के आव्रजन और नागरिकता मंत्री माइक टैप ने सभी यात्रियों से कहा कि यात्रा से पहले सुनिश्चित करें कि उनके पास आवश्यक डिजिटल अनुमति मौजूद हो, ताकि यात्रा सुगम रहे।
ब्रिटेन की यात्रा करने वालों के लिए ई-वीजा या ईटीए आवश्यक है। अगर किसी यात्री के पास वैध डिजिटल अनुमति नहीं होगी, तो एयरलाइंस उन्हें विमान में सवार होने से रोक सकती है। ब्रिटिश सरकार का कहना है कि ई-वीजा सुरक्षित और तुरंत सत्यापन योग्य है, न खो सकता है और न ही इसमें छेड़छाड़ की जा सकती है। इस प्रणाली से वीजा धारकों के मौजूदा आव्रजन अधिकारों या स्थिति में कोई बदलाव नहीं होगा।
अब तक एक करोड़ से ज्यादा ई-वीजा जारी किए जा चुके हैं। अमेरिका, कनाडा और फ्रांस सहित 85 देशों के नागरिक जिन्हें पहले वीजा की जरूरत नहीं थी, अब ब्रिटेन यात्रा के लिए इलेक्ट्रॉनिक यात्रा अनुमति (ईटीए) प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
Comments are closed.