यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की तीन घंटे की भारत यात्रा के दौरान भारत और यूएई ने कई अहम समझौतों पर सहमति जताई।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि दोनों देशों के बीच रक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल सहयोग, खाद्य सुरक्षा, अंतरिक्ष और निवेश जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने का फैसला लिया गया है। मिसरी के अनुसार, राष्ट्रपति नाहयान के साथ आए प्रतिनिधिमंडल में शाही परिवार के सदस्य, वरिष्ठ मंत्री और शीर्ष अधिकारी शामिल थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर प्रतिनिधिमंडल स्तर और सीमित प्रारूप में बातचीत हुई।
मेगा निवेश से इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा
यूएई गुजरात के धोलेरा में बड़े पैमाने पर निवेश कर रणनीतिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में सहयोग करेगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पायलट ट्रेनिंग स्कूल, एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल), रेलवे कनेक्टिविटी और ऊर्जा ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा, गुजरात की गिफ्ट सिटी में फर्स्ट अबू धाबी बैंक और डीपी वर्ल्ड के कार्यालय खोले जाएंगे।
डिफेंस और स्पेस में रणनीतिक करार
दोनों देशों ने रणनीतिक रक्षा साझेदारी के लिए एक फ्रेमवर्क समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत रक्षा नवाचार, तकनीक, प्रशिक्षण, साइबर स्पेस और आतंकवाद-रोधी सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा। अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग के लिए यूएई स्पेस एजेंसी और भारत के IN-SPACe के बीच लेटर ऑफ इंटेंट पर भी सहमति बनी है। खाद्य सुरक्षा को लेकर अलग समझौते को भी मंजूरी दी गई।
ऊर्जा, AI और डिजिटल सहयोग
भारत और यूएई डिजिटल या डेटा एंबेसी स्थापित करने की संभावनाएं तलाशेंगे। विदेश सचिव ने कहा कि यह डिजिटल डेटा के सुरक्षित भंडारण से जुड़ा नया कॉन्सेप्ट है, जिसमें राष्ट्रीय संप्रभुता का ध्यान रखा जाएगा।
यूएई भारत में सुपरकंप्यूटिंग क्लस्टर स्थापित करने में सहयोग करेगा, जो AI इंडिया मिशन का हिस्सा होगा।
ऊर्जा क्षेत्र में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी गैस के बीच 10 साल का एलएनजी खरीद समझौता हुआ है, जो 2028 से लागू होगा। दोनों देशों ने 2032 तक द्विपक्षीय व्यापार को 200 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य भी रखा है। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में SMR, पावर प्लांट संचालन और परमाणु सुरक्षा पर सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी है।
वेस्ट एशिया और सांस्कृतिक पहल
दोनों नेताओं ने गाजा, ईरान और यमन समेत वेस्ट एशिया के हालात पर भी चर्चा की। सांस्कृतिक सहयोग के तहत अबू धाबी में ‘हाउस ऑफ इंडिया’ नाम से एक संग्रहालय स्थापित किया जाएगा।
Comments are closed.