अमेरिका के मैसाचुसेट्स में 17 वर्षीय भारतीय मूल के किशोर अर्जुन अरविंद पर अपनी मां और 14 वर्षीय छोटे भाई की हत्या का आरोप लगा है।
एक्टन स्थित घर में हुई इस घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर मां की कार लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने रातभर तलाश के बाद बुधवार सुबह उसे वेलैंड से गिरफ्तार कर लिया। अर्जुन पर 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और छोटे भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या के दो मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा परिवार के सदस्य के साथ मारपीट, हमले, बिना अनुमति वाहन चलाने और मोटर वाहन चोरी से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं।
ट्यूटर के पहुंचने पर खुला मामला
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे एक ट्यूटर तय अपॉइंटमेंट के लिए परिवार के घर पहुंची। घर में प्रवेश नहीं कर पाने पर उसने अर्जुन के पिता से संपर्क किया। परिवार से संपर्क नहीं होने के बाद पिता ने पुलिस को सूचना दी।
अधिकारी जब मार्था लेन स्थित घर पहुंचे तो उन्हें सुधा वेंकटेशन और सिद्धार्थ मृत मिले। अधिकारियों के अनुसार, मां का शव बेसमेंट में और बेटे का शव पहली मंजिल पर मिला।
Related Posts
दोनों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि, मेडिकल एग्जामिनर ने अभी मौत की सटीक वजह और तरीके की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना में किसी हथियार के इस्तेमाल को लेकर भी जांच जारी है।
मां की कार लेकर भागा था आरोपी
जांच में पुलिस को पता चला कि अर्जुन अपनी मां की होंडा एकॉर्ड लेकर घर से निकल गया था। अधिकारियों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार तड़के वेलैंड के एक पार्किंग लॉट में पुलिस को वही कार मिली। कार के अंदर मौजूद अर्जुन को हिरासत में ले लिया गया।
ChatGPT और इंटरनेट सर्च की भी जांच
मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस के मुताबिक, जांच में अर्जुन के हालिया ऑनलाइन व्यवहार की जानकारी भी सामने आई है। अधिकारियों का दावा है कि उसने इंटरनेट और ChatGPT पर परिवार से जुड़ी हिंसक कल्पनाओं या विचारों के बारे में सर्च किया था।
हालांकि, पुलिस अभी इस मामले की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। अर्जुन पर लगाए गए आरोप फिलहाल आरोप हैं और अदालत में इनके साबित होने के बाद ही उसकी कानूनी जिम्मेदारी तय होगी।
Comments are closed.